IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मंगलवार को खेले गए मुकाबले के दौरान उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ड्रेसिंग रूम में कथित तौर पर ई-सिगरेट (वेपिंग) करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया और फैन्स ने तीखी प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया।

मैच के दौरान सामने आया वीडियो
यह घटना महाराजा यादविंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान बताई जा रही है। RR की बल्लेबाजी के 16वें ओवर में जब ब्रॉडकास्ट कैमरा ड्रेसिंग रूम की ओर गया, तब रियान पराग को वहां मौजूद अन्य खिलाड़ियों के बीच वेपिंग करते हुए देखा गया।
वीडियो में उनके पास टीम के साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल भी नजर आते हैं। हालांकि, कैमरा एंगल बदलने के बाद यह दृश्य कुछ ही सेकंड में सामने आया, लेकिन उसी क्लिप ने सोशल मीडिया पर तेजी से तूल पकड़ लिया।
सोशल मीडिया पर फैन्स का गुस्सा
वीडियो वायरल होते ही X, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैन्स का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने कप्तान की इस हरकत को “अनुशासनहीनता” बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। एक फैन ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा “थोड़ी तो शर्म करो… कप्तान होकर ये सब?”। वहीं दूसरे ने कहा- “ड्रेसिंग रूम कोई पब्लिक प्लेस नहीं है, यह गलत उदाहरण है”। एक अन्य फैन ने कहा- “लीडरशिप का यही स्तर है क्या IPL में?”
कई फैन्स ने इसे युवा खिलाड़ियों के लिए गलत संदेश बताते हुए कहा कि टीम में वैभव और उसके जैसे कम उम्र के खिलाड़ी इस तरह की आदतों से प्रभावित हो सकते हैं।
नियमों का उल्लंघन?
भारत सरकार ने ‘इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019’ (PECA) के तहत ई-सिगरेट और वेपिंग डिवाइस के उत्पादन, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके अलावा IPL जैसे पेशेवर टूर्नामेंट में ड्रेसिंग रूम और खिलाड़ियों के क्षेत्र में धूम्रपान और नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि पर सख्त नियम लागू हैं।

ऐसे में एक टीम कप्तान द्वारा इस तरह की गतिविधि में दिखना नियमों और खेल की मर्यादा दोनों के खिलाफ माना जा रहा है।
BCCI की नजर, हो सकती है कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और रियान पराग से आधिकारिक जवाब मांगा जा सकता है। बोर्ड इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जुर्माना, चेतावनी या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई संभव है।
BCCI पहले भी खिलाड़ियों और टीम स्टाफ के अनुशासन को लेकर सख्त रवैया अपनाता रहा है, ऐसे में इस मामले में भी कड़ा कदम उठाया जा सकता है।
राजस्थान रॉयल्स के लिए लगातार दूसरा विवाद

यह पहला मौका नहीं है जब राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में विवादों में आई हो। इससे पहले टीम मैनेजमेंट से जुड़े एक अधिकारी पर PMOA (Players and Match Officials Area) प्रोटोकॉल तोड़ने का मामला सामने आया था, जिस पर BCCI ने कार्रवाई की थी। अब कप्तान से जुड़ा यह मामला टीम की छवि और प्रबंधन दोनों के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर रहा है।
मैच में शानदार प्रदर्शन पर भारी पड़ा विवाद

हालांकि मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 223 रनों का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की, लेकिन मैच के बाद चर्चा खेल की नहीं बल्कि रियान पराग के वायरल वीडियो की रही। अब सभी की नजरें BCCI के अगले कदम पर टिकी हैं कि वह इस विवाद पर क्या फैसला लेता है और कप्तान पराग को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

