इन्द्रपाल सिंह, इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पथरौटा पुलिस ने बीती रात बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बैतूल से इटारसी की ओर आ रही संदिग्ध गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक काले रंग की कार तेज रफ्तार में वापस बैतूल की ओर यू-टर्न लेकर भागने लगी। पुलिस ने तुरंत पीछा किया और करीब 6 किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में दौड़ जारी रही, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पत्थर की चट्टान से टकरा गई और क्षतिग्रस्त हो गई।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वाहन में लगभग साढ़े तीन सौ लीटर अवैध शराब भरी हुई थी, जो इटारसी क्षेत्र में खपाने के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से कार सवार दो लोगों को भी हिरासत में लिया है, जिनमें चालक और एक महिला शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, वाहन चला रहा व्यक्ति कांग्रेस नेता और पूर्व मंडी अध्यक्ष का पुत्र मनोज बामने बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी है और उस पर पहले भी अवैध शराब के मामले दर्ज रह चुके हैं।
एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि जब्त की गई शराब में अंग्रेजी और देसी दोनों ब्रांड शामिल हैं। यह खेप बैतूल से इटारसी की ओर बिक्री के लिए लाई जा रही थी। पथरौटा पुलिस ने नाकाबंदी कर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीछा किया और आरोपी को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि करीब 3 लाख रुपये से अधिक की शराब और वाहन को जब्त किया गया है। आरोपी एक निगरानीशुदा बदमाश है, जिसके खिलाफ इटारसी और पथरौटा थानों में 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

