अनमोल मिश्रा, सतना। जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत रनेहीं गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हलवाई ने चाकू से हमला कर दिया

दरअसल मृतक रोहित डोहर (24 वर्ष) पिता रामलाल निवासी गौरा मेदनीपुर शादी समारोह में शामिल होने रनेही गांव गया हुआ था। वहां खाने पीने को लेकर हलवाई सतीश डोहर से विवाद शुरू हो गया। जब युवक अपने गांव लौट रहा था तभी आरोपी सतीश ने अपने साथियों के साथ मिलकर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में छोड़ आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित को कोठी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही कोहराम मच गया और शादी का माहौल शोक में बदल गया।

आरोपी और मृतक एक ही गांव के

सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवा दिया। शुक्रवार की सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी और मृतक एक ही गांव के रहने वाले हैं। मृतक वकालत की प्रैक्टिस कर रहा था जबकि आरोपी हलवाई का काम करता है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

रघू केसरी, एसडीओपी नागौद

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m