पंचकूला। हरियाणा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में किराए के भवनों में संचालित चार हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को अब सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस योजना की घोषणा अपने बजट भाषण में की थी, जिसके बाद इसे अमल में लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विभाग ने सभी जिलों में सरकारी भवनों में उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के लिए अन्य विभागों से सहयोग मांगते हुए पत्राचार शुरू किया है।

एक हजार केंद्रों को प्ले-स्कूल के रूप में करेंगे विकसित
इसके साथ ही सरकार ने बच्चों को बेहतर पोषण और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब एक हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में और एक हजार केंद्रों को प्ले-स्कूल के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया है। वर्तमान में कई केंद्र गांवों और शहरी क्षेत्रों में छोटे कमरों या स्कूल भवनों के एक कमरे में सीमित सुविधाओं के साथ संचालित हो रहे हैं, जिससे कार्य संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं।