गुरुग्राम के वजीरपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 4 मासूम बच्चों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने खुद भी जान देने की कोशिश की, जिसे पुलिस हिरासत में अस्पताल ले जाया गया है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़/गुरुग्राम। शहर के वजीरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने ना केवल मानवीय संवेदनाओं को झकझोर दिया बल्कि रिश्तों का भी गला घोंट दिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 4 मासूम बच्चों को जहर देकर मौत की नींद सुला दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद व्यक्ति ने खुद भी जान देने की कोशिश की लेकिन वह बच गया और फिलहाल पुलिस हिरासत में उसका इलाज जारी है।

चार बच्चों को पिलाया जहरीला पदार्थ

जानकारी के मुताबिक आरोपी नजीर यूपी के मुरादाबाद का रहने वाला है और वजीरपुर में सैलून चलाता है। कल देर शाम उसने अपनी 35 वर्षीय पत्नी और 8 से 14 साल के चार बच्चों को जहरीला पदार्थ पिला दिया। नजीर ने खुद भी जान देने की कोशिश की, उसने अपने हाथ की नस काट ली।

चार बच्चे मृत एक की हालत नाजुक

घटना का खुलासा तब हुआ जब एक रिश्तेदार अचानक उसके घर पहुंच गया और मौके पर सभी को बेसुध हालत में लहूलुहान देखा। सभी को अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने महिला और उसके चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया। नजीर की हालत नाजुक बनी हुई है।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ACP नवीन के नेतृत्व में पुलिस की टीमें और Crime Branch मामले की गुत्थी सुलझाने में लगे है। नजीर से पूछताछ की जा रही है कि उसने वारदात को क्यों और कैसे अंजाम दिया। घटना के बाद वजीरपुर में सन्नाटा पसर गया। हर कोई इस क्रूर घटना की निंदा कर रहा है।