पटना। पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों ने भारतीय जनता पार्टी के खेमे में उत्साह की लहर दौड़ दी है। रुझानों और नतीजों में भाजपा की बड़ी बढ़त को देखते हुए बिहार की राजनीति भी पूरी तरह गरमा गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस जीत पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, जहां पैदा हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा है। उन्होंने इस जीत का श्रेय बंगाल की जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया है।
पटना में झालमुड़ी का स्वाद और जश्न
बंगाल की जीत का असर बिहार की राजधानी पटना में साफ दिखाई दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटना की सड़कों पर उतरकर एक-दूसरे को झालमुड़ी खिलाई और जीत का जश्न मनाया। दिलचस्प बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान जिन क्षेत्रों (झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम) में झालमुड़ी खाई थी, उन चारों सीटों पर भाजपा ने निर्णायक बढ़त बनाई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह जीत केवल सीटों की नहीं, बल्कि विचारधारा की जीत है।

ममता बनर्जी पर तीखा हमला
दरभंगा से भाजपा की राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी राज्य को ‘बांग्लादेश’ बनाने की राह पर ले जा रही थीं, लेकिन वहां की जागरूक जनता ने उनके इन मंसूबों को नाकाम कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब बंगाल में विकास की एक नई धारा बहेगी।
विपक्ष पर साधा निशाना: “तेजस्वी सिर्फ एन्जॉय करते हैं”
पूर्व मंत्री और विधायक श्याम रजक ने विपक्षी गठबंधन और तेजस्वी यादव पर जमकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में तेजस्वी यादव ने ममता बनर्जी के पक्ष में प्रचार किया, वहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) को करारी हार का सामना करना पड़ा है। रजक ने तंज कसते हुए कहा, “तेजस्वी यादव केवल मस्ती और विदेश दौरे के लिए राजनीति करते हैं। जनता अब परिवारवादी पार्टियों से ऊब चुकी है।”
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारी
इधर बिहार में कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी चल रही है। वहां टेंट लगने शुरू हो गए हैं और आम लोगों की एंट्री फिलहाल बंद कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, मई के पहले सप्ताह में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। सम्राट चौधरी दिल्ली से फाइनल लिस्ट लेकर लौट आए हैं, जिस पर केंद्रीय नेतृत्व की मुहर लग चुकी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

