IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के बीच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ा झटका लगा है। टीम के विस्फोटक ओपनर फील साल्ट चोट के कारण अचानक इंग्लैंड लौट गए हैं। सॉल्ट इस सीजन में विराट कोहली के साथ पारी की शुरुआत कर रहे थे और पावरप्ले में टीम को तेज शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे थे।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी चोट
बता दें कि बीते 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फील्डिंग के दौरान डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर डाइव लगाते समय उनके बाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई थी। शुरुआत में इस चोट को ज्यादा गंभीर नहीं माना गया, लेकिन लगातार दर्द और सूजन के चलते उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रहना पड़ा और इसके बाद वे लगातार 3 से 4 मैच मिस कर गए।
चोट की सही स्थिति जानने के लिए सॉल्ट इंग्लैंड लौटे हैं, जहां उन्होंने अपनी उंगली का स्कैन कराया है और फिलहाल मेडिकल निगरानी में हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड भी इस मामले पर नजर बनाए हुए है, जिससे यह साफ है कि चोट को हल्के में नहीं लिया जा रहा।
इसी महीने वापसी कर सकते हैं सॉल्ट

हालांकि राहत की बात यह है कि सॉल्ट और टीम दोनों को उम्मीद है कि वे मई महीने के भीतर ही भारत लौट सकते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में RCB ने टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव करते हुए जैकब बेथल को कोहली के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी दी है, लेकिन बेथेल अब तक उस स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जिसकी टीम को उम्मीद थी।
अगर सॉल्ट की चोट गंभीर पाई जाती है और उनकी वापसी में देरी होती है, तो टीम IPL के नियमों के तहत रिप्लेसमेंट खिलाड़ी ला सकती है, लेकिन फिलहाल मैनेजमेंट उन्हें पूरी तरह फिट होने का समय देना चाहती है, क्योंकि सॉल्ट इस सीजन में शानदार फॉर्म में थे।
शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे सॉल्ट

सॉल्ट ने इस सीजन 6 पारियों में 202 रन बनाए थे, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 168.33 का रहा और दो अर्धशतक भी शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी RCB को पावरप्ले में बढ़त दिलाने में अहम साबित हो रही थी। यही नहीं, पिछले सीजन में भी उन्होंने 403 रन बनाकर टीम की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। ऐसे में उनका टीम से बाहर होना सिर्फ एक खिलाड़ी की कमी नहीं, बल्कि पूरे बैटिंग ऑर्डर के संतुलन पर असर डालने वाला बड़ा झटका है।
RCB 7 मई को खेलेगी अगला मैच
अब RCB की नजर उनके अगले मुकाबले, जो 7 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेला जाना है, उससे पहले सॉल्ट की फिटनेस अपडेट पर टिकी है। अगर वे समय पर फिट होकर लौटते हैं तो टीम को बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता, तो बेंगलुरु को अपने टॉप ऑर्डर में स्थिरता लाने के लिए वैकल्पिक रणनीति अपनानी पड़ सकती है। कुल मिलाकर, फिल सॉल्ट की चोट ने RCB के अभियान को एक अहम मोड़ पर ला खड़ा किया है, जहां से टीम की आगे की रणनीति और प्रदर्शन काफी हद तक उनकी वापसी पर निर्भर करेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

