MI vs LSG IPL 2026: IPL 2026 के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मैच में मुंबई ने 229 रन का विशाल लक्ष्य 18.4 ओवर में हासिल कर IPL इतिहास का अपना सबसे बड़ा रन चेज पूरा किया। टीम की जीत में रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों ने अहम भूमिका निभाई।

लखनऊ की पारी, पूरन की शानदार फिफ्टी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए। टीम की ओर से निकोलस पूरन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पूरन के अलावा मिचेल मार्श ने 44 रन, हिम्मत सिंह ने 40 रन और ऐडन मार्करम ने 31 रन का योगदान दिया। वहीं ऋषभ पंत ने 15, अक्षत रघुवंशी ने 13 और जोश इंग्लिस ने 11 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाजी में कॉर्बिन बॉश ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। वहीं अल्लाह गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन की तूफानी पारी

229 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 143 रन की साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। रोहित शर्मा ने 44 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं रायन रिकेल्टन ने सिर्फ 32 गेंदों में 83 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 8 छक्के शामिल थे।

इसके बाद तिलक वर्मा 11 रन और कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन नमन धीर ने नाबाद 23 रन की उपयोगी पारी खेली। अंत में विल जैक्स ने आवेश खान की गेंद पर छक्का लगाकर मुंबई को यादगार जीत दिला दी।

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने लगातार तीन हार के बाद शानदार वापसी की, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को सीजन में एक और करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (MI vs LSG IPL 2026)

मुंबई इंडियंस (MI)

रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रित बुमरा, एएम ग़ज़नफ़र, रघु शर्मा

इम्पैक्ट प्लेयर: रोहित शर्मा

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऐडन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान), अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, आवेश खान और प्रिंस यादव

इम्पैक्ट प्लेयर: आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, जार्ज लिंडे और दिग्वेश राठी

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H