एसआर रघुवंशी, गुना। मृगवास थाना क्षेत्र के ग्राम बाकन्या में पिछले महीने हुई डकैती की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। एसपी हितिका वासल के कुशल मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी मेहनत के दम पर बदमाशों को दबोच लिया है।

क्या थी पूरी घटना?

12 अप्रैल 2026 की रात 4 से 5 नकाबपोश बदमाश ग्राम बाकन्या निवासी वंकटदास बैरागी के घर में छत के रास्ते दाखिल हुए थे। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति को हथियारों के दम पर बंधक बनाया, उनके साथ मारपीट की और घर में रखे 1 लाख रुपये नगद सहित सोने के बाले, नाक का कांटा और चांदी की पायल-बिछूड़ी लूटकर फरार हो गए थे।

ये भी पढ़ें: सहकारी बैंक में ‘हाईटेक’ चोरी: 85 लाख रुपए को हाथ तक नहीं लगाया, डेटा वाला CPU ले गए चोर, क्या यह कोई सोची-समझी साजिश है?

10 हजार मोबाइल नंबरों ने खोला राज

वारदात के बाद एसपी हितिका वासल ने लुटेरों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए लगभग 100 संदिग्ध लोगों से कड़ी पूछताछ की। क्षेत्र में सक्रिय रहे करीब 10 हजार मोबाइल नंबरों के डेटा का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध नंबर मिला, जिसके आधार पर 4 मई को पुलिस ने रामधन कंजर जो चिंता का डेरा, बिरयाई का रहने वाला है उसे गिरफ्तार किया।

दो दिन पहले की रेकी फिर दिया वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपी रामधन ने अपने साथी मनोहर कंजर और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनोहर को भी धाम का डेरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वारदात से दो दिन पहले उन्होंने इलाके में रेकी की थी। जब उन्होंने देखा कि बुजुर्ग दंपत्ति घर में अकेले हैं तब उन्होंने डकैती की योजना बनाई।

ये भी पढ़ें: पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, गुस्साए युवक ने गार्ड पर किया चाकू से हमला, CCTV फुटेज आया सामने

पुलिस ने बरामद किया चोरी के जेवर और नगद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। जिसमें 15 हजार रूपए, सोने-चांदी के आभूषण है। इसके अलावा पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुए हथियार, मोटरसाइकिल और ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल हुआ औजार भी बरामद कर लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m