लक्ष्य वर्मा , करनाल। हरियाणा में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच करनाल पुलिस अब सीधे जनता के बीच पहुंचकर लोगों को सतर्क करने में जुट गई है। राहगीरी कार्यक्रम के तहत देवीलाल चौक पर साइबर थाना टीम ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया, जहां राहगीरों और स्थानीय लोगों को इकट्ठा कर साइबर ठगी के नए-नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन लेनदेन के दौरान जरा सी लापरवाही भी बड़ा नुकसान करा सकती है। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने, अनजान कॉल या मैसेज का जवाब न देने और किसी भी हालत में OTP साझा न करने की सख्त सलाह दी गई।

पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि एटीएम से पैसे निकालते समय आसपास सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। अगर कोई अनजान व्यक्ति मदद के बहाने पास आए तो तुरंत सावधान हो जाएं, क्योंकि ऐसे मामलों में ठगी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
साथ ही पुलिस ने बताया कि अगर कोई साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाए तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, क्योंकि समय रहते जानकारी देने पर ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

