चंडीगढ़। राज्य में चुनावी प्रक्रिया को अधिक सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा ‘पोल-डैशबोर्ड’ पोर्टल और इससे जुड़े मोबाइल एप्लीकेशन के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में विभिन्न जिलों के रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


सचिव ने दिए जरूरी निर्देश
बैठक के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव गौरव कुमार ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों से संबंधित जानकारी को पोल-डैशबोर्ड पोर्टल पर समय पर और पूरी तरह अपडेट करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से रियल-टाइम डाटा अपडेट करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उनके नाम और मोबाइल नंबर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं।


रियल-टाइम मॉनिटरिंग पर रहेगा फोकस
पोल-डैशबोर्ड पोर्टल को चुनावी गतिविधियों की निगरानी का प्रमुख माध्यम बताया गया है। इसके जरिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान केंद्रों पर उनकी पहुंच, मॉक पोल, मतदान शुरू होने का समय और मतदान प्रतिशत जैसी गतिविधियों की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी।


मतदान दिवस की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मतदान दिवस पर सभी अपडेट समयबद्ध तरीके से दर्ज किए जाएं। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम मशीनों को नियमानुसार सील कर सुरक्षित जमा करना सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, मतगणना के समय संबंधित अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर जमा करने के निर्देश भी दिए गए।