कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों के लिए धार्मिक आस्था से जुड़ा बड़ा तोहफा दिया है। तीर्थ यात्रा योजना के तहत 15 मई को सिरसा से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को पवित्र धाम के दर्शन का अवसर मिलेगा।
सीएम ने बताया कि यह दिन जेठ माह की मकर संक्रांति का है, जिसे धर्म में विशेष महत्व प्राप्त है। इस शुभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा कर सकेंगे और गुरु घर में मत्था टेकने का सौभाग्य पाएंगे। सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को धार्मिक स्थलों से जोड़ना है।
इसी दौरान उन्होंने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 8 जून को पूरे हरियाणा में भव्य सोमनाथ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से खास होगी और देशभर में चल रहे “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” से भी जुड़ी मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का काम कर रही है, जिससे देश की आस्था और पहचान को नई मजबूती मिल रही है।

