सोनू वर्मा, नूंह। जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी चांदडाका, थाना सदर पुनहाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, क्राइम पेट्रोलिंग के दौरान बड़ेड पहाड़ियों के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि वाहन में अवैध रूप से खनन किए गए पत्थर लदे हुए थे।

पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जब्त कर लिया और उसमें भरी खनन सामग्री को भी कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई खनन नियमों के तहत की गई है।

पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति या वाहन को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।