पंजाब में हुए सिलसिलेवार धमाकों के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीएम भगवंत मान पर निशाना साधा है। उन्होंने सुरक्षा के मुद्दे पर आप सरकार को घेरते हुए इसे देश के लिए चिंताजनक बताया।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला बोलते हुए उनके बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया, जिससे मामला और गरमा गया है।
सैनी ने कहा कि ये धमाके सिर्फ पंजाब नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पंजाब के DGP खुद इन घटनाओं के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के एंगल की ओर इशारा कर रहे हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री का राजनीति से प्रेरित गैर जिम्मेदाराना बयान कई सवाल खड़े करता है।
हरियाणा सीएम ने आम आदमी पार्टी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि राज्य में हो रही हर बड़ी घटना के लिए सरकार जिम्मेदार है और इससे बचा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति की बजाय ठोस कार्रवाई जरूरी है।
इस पूरे घटनाक्रम ने पंजाब की राजनीति में हलचल और बढ़ा दी है। धमाकों की जांच के साथ अब राजनीतिक बयानबाजी भी केंद्र में आ गई है, और जनता की नजर सरकार की जवाबदेही और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
सीएम सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए सुरक्षा, स्थिरता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी। पंजाब के मेरे परिवारजन आपके गैर-जिम्मेदाराना रवैये को बहुत अच्छे से समझ रहे हैं और समय आने पर उचित तरीके से जवाब भी देंगे।

