उमेश यादव, सागर। शहर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां इलाज के लिए भर्ती तीन साल की मासूम बच्ची के साथ अस्पताल परिसर में ही दरिंदगी किए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने सर्जिकल वार्ड में भर्ती मासूम को अपना शिकार बनाया। घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के समय बच्ची वार्ड में बने बाथरूम में गई थी
जानकारी के अनुसार बच्ची अपने परिजनों के साथ इलाज कराने के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज आई थी और सर्जिकल वार्ड में भर्ती थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची वार्ड में बने बाथरूम में गई थी। इसी दौरान पीछे से अस्पताल में भर्ती एक आरोपी मरीज भी बाथरूम में घुस गया। आरोप है कि आरोपी ने मासूम के साथ गलत हरकत की और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से निकल गया।
इशारों व मासूमियत भरे शब्दों में बताई पूरी घटना
कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और इशारों व मासूमियत भरे शब्दों में पूरी घटना बताई। बच्ची की बात सुनकर परिजन घबरा गए और तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
POCSO के तहत केस दर्ज
पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटना के पूरे क्रम की पुष्टि की जा सके। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान कर ली गई है।
मामले में सागर सीएसपी ललित कुमार कश्यप ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में भी आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

