राकेश कथूरिया, कैथल । जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और आधुनिक पहल की शुरुआत हुई है। कैथल विधानसभा से कांग्रेस विधायक Aditya Surjewala ने सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को एआई रोबॉट, फ्री एआई एप्लिकेशन और फ्री एआई टीचिंग कोच उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के छात्र आधुनिक तकनीक के साथ पढ़ाई कर सकें।
इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत कैथल के Jat Shining Star School से की गई, जहां विधायक आदित्य सुरजेवाला स्वयं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एआई रोबॉट्स की लॉन्चिंग की और विद्यार्थियों के स्मार्टफोन व स्कूल कंप्यूटरों में 11वीं और 12वीं के पूरे सिलेबस के अनुरूप फ्री एआई एप्लिकेशन इंस्टॉल करवाने की प्रक्रिया शुरू करवाई। साथ ही विद्यार्थियों को फ्री एआई टीचिंग कोच भी उपलब्ध करवाए जाने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि 21वीं सदी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सबसे बड़ा अवसर और चुनौती दोनों है। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि कैथल का हर विद्यार्थी, चाहे वह गांव का हो या शहर का, आधुनिक AI तकनीक का उपयोग करना सीखे और भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए खुद को तैयार करे।
उन्होंने कहा कि ये एआई रोबॉट कक्षा में व्यक्तिगत शिक्षक की तरह काम करेंगे। विद्यार्थी अपनी गति के अनुसार पढ़ सकेंगे, सवाल पूछ सकेंगे, डाउट्स क्लियर कर सकेंगे और इंटरएक्टिव क्विज के माध्यम से अपनी तैयारी को बेहतर बना सकेंगे। एआई सिस्टम विद्यार्थियों को रियल-टाइम फीडबैक भी देगा, जिससे उनकी कमजोरियों को तुरंत समझकर सुधार किया जा सकेगा।
विधायक ने कहा कि यह पहल केवल स्कूल तक सीमित नहीं रहेगी। विद्यार्थियों को फ्री एआई एप्लिकेशन और फ्री टीचिंग कोच घर पर भी उपलब्ध होंगे, ताकि वे बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ जेईई, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी बेहतर तरीके से कर सकें। उन्होंने कहा कि इस अभियान को कैथल विधानसभा के हर स्कूल तक पहुंचाया जाएगा और कोई भी स्कूल इससे वंचित नहीं रहेगा।
आदित्य सुरजेवाला ने आगे कहा कि कैथल विधानसभा के बाद इस मुहिम को पूरे जिले में विस्तारित किया जाएगा। गुहला, कलायत और पुंडरी विधानसभा क्षेत्रों के स्कूलों में भी एआई रोबॉट और फ्री एआई लर्निंग सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य कैथल को हरियाणा में शिक्षा का रोल मॉडल बनाना है।
उन्होंने भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में एआई लैब्स, रोबोटिक्स क्लब और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम भी शुरू किए जाएंगे, ताकि बच्चे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि भविष्य में रोजगार देने वाले बन सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल राजनीति नहीं बल्कि कैथल के भविष्य को मजबूत करने का अभियान है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी इस पहल का स्वागत किया। स्कूल के प्रिंसिपल पंकज गुप्ता ने कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए “गेम चेंजर” साबित होगा। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से सीधे जुड़ पाएंगे।
अभिभावकों में भी इस पहल को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई अभिभावकों ने कहा कि एआई आधारित शिक्षा से बच्चों को महंगे कोचिंग संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे घर बैठे बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
इस अवसर पर जाट शिक्षण संस्थान के प्रधान राजकुमार बेनीवाल बुढ़ाखेड़ा, उपप्रधान बलजिंद्र बनवाला, सचिव रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष बलकार नैन, दलबीर कैरों, सत्यवान माजरा, रजत रापड़िया, जसबीर मानस, राजपाल गुहना, विक्रम सौंगल, कुलदीप ग्योंग, युवराज संधू, बलविंद्र ढुल, पंकज अत्रि, कैप्टन जयवीर, नरेश सिरटा, दलबीर पुनिया और राजेंद्र शर्मा बलवंती सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कैथल में शुरू हुई यह एआई शिक्षा मुहिम अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह अभियान सफल रहा तो यह हरियाणा में डिजिटल और आधुनिक शिक्षा मॉडल का बड़ा उदाहरण बन सकता है।

