शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के न्यूटन चिखली स्थित अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास में भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा है। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल में उन्हें लगातार इल्ली युक्त सब्जी, कच्चे चावल और अधपकी रोटियां परोसी जा रही हैं। भोजन की बदहाली से परेशान छात्राओं ने अब छात्रावास अधीक्षिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ये भी पढ़ें: 25k फॉलोअर्स हैं… मंडल अध्यक्ष बनाने के लिए ये कैसा फरमान ? बीजेपी विधायक ने बूध अध्यक्ष को दिया अजीब टारगेट!
‘जैसा मिल रहा है, वैसा खा लो’- अधीक्षिका के जवाब से बढ़ा आक्रोश
छात्राओं का कहना है कि जब उन्होंने खाने में इल्ली मिलने और भोजन की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत छात्रावास अधीक्षिका माया मांडवार से की, तो समाधान करने के बजाय उन्हें बेरुखी से जवाब दिया गया कि ‘जैसा मिल रहा है, वैसा खा लो।‘
अधीक्षिका के इस अड़ियल और असंवेदनशील रवैये के बाद छात्राओं का आक्रोश और बढ़ गया। छात्राओं ने हॉस्टल के बाहर एकत्र होकर अधीक्षिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की। विरोध दर्ज कराते हुए छात्राओं ने छात्रावास के अंदर जाने से भी इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें: NSUI ने की छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग, कहा- विद्यार्थियों को सीधे प्रतिनिधि चुनने का मिले अधिकार, नहीं तो आंदोलन की दी चेतावनी
पहले भी हो चुकी हैं शिकायतें, सख्त जांच की मांग
छात्राओं ने बताया कि भोजन की घटिया गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन प्रशासनिक अनदेखी के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
छात्राओं ने मांग की है कि छात्रावास में परोसे जा रहे भोजन और रसोई व्यवस्था की तत्काल उच्च स्तरीय जांच की जाए। राशन सामग्री की खरीदी और उसकी गुणवत्ता की पड़ताल हो। संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर भोजन के सैंपल लें और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


