Patna Student Protest: पटना में सीएम आवास का घेराव करने निकले छात्रों पर डाकबंगला के पास पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच जमकर कहासुनी भी देखने को मिली। हालांकि पुलिस द्वारा वाटर कैनन का प्रयोग करने के विरोध में कुछ लोग शैंपू लगाकर स्नान करते हुए भी नजर आए। वहीं, वाटर कैनन के बीच एक छात्रा बेहोश होकर बीच सड़क पर ही गिर गई। डीएसपी कोमल मीणा ने छात्रा को गाड़ी मैं बिठाया।

खुशबू पाठक समेत कई छात्र डिटेन

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्र नेत्री खुशबू पाठक समेत कई छात्रों को डिटेन किया है। पुलिस उन्हें बस में बिठाकर डाकबंगला से कहीं दूर दूसरी जगह लेकर गई है। फिलहाल डाकबंगला के पास अभी भी अधिक संख्या में छात्र डटे हुए हैं। वे हर हाल में बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए सीएम आवास की ओर जाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने उन्हें रोक कर रखा हुआ है। इस बीच समय-समय पर पुलिस और छात्रों के बीच कहासुनी भी देखने को मिल रही है।

शिक्षा मंत्री बोले- सभी मुद्दों को समाधान कर दिया गया

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, जिन-जिन मुद्दों को लेकर छात्र धरने पर बैठे थे, उनके सभी मुद्दों का समाधान कर दिया गया है। सरकार की नियति ही है कि हम अपने युवाओं की समस्याओं का समय पर निदान करें। युवा जो-जो विषय लेकर आए, हम लोगों ने उसका समाधान किया।

एक नजर में आंदोलन

  • 18 अगस्त से आंदोलन पर बैठे हैं विभिन्न संगठनों के छात्र।
  • TRE 4 शिक्षक भर्ती में एकल परीक्षा, माइनस मार्किंग समाप्त करने की मांग
  • TRE 4 समेत अन्य लंबित भर्तियों की मांग।
  • बिहार के युवाओं के लिए 100% डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग।

ये भी पढ़ें- पटना में किसानों का हल्लाबोल, हाथ में CM सम्राट का ‘अस्थि कलश’ लेकर सड़क पर उतरे, जानें मामला?