दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (20 मई 2026) की खबरों में दिल्ली सरकार देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियों की लेगी जिम्मेदारी, CM रेखा ने लॉन्च की ‘टैलेंट हंट स्कीम – हौसलों की उड़ान 2026-27’,नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रंग आधारित साइन सिस्टम शुरू, ‘धुरंधर-2’ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा? प्रमुख रहा।

दिल्ली सरकार देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियों की लेगी जिम्मेदारी
नई दिल्ली। मूर्ति पूजन करने वाले घरों में अक्सर ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है जब किसी देवी-देवता की मूर्ति खंडित हो जाती है, तस्वीर फट जाती है या समय के साथ वह इतनी पुरानी हो जाती है कि उसका नियमित पूजन करना उचित नहीं माना जाता। ऐसे में श्रद्धा के साथ उसका सम्मानजनक विसर्जन करना लोगों के लिए एक भावनात्मक और व्यावहारिक चुनौती बन जाता है। इसी समस्या के समाधान के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मंगलवार को राजधानी में एक विशेष जनभागीदारी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पुरानी या खंडित मूर्तियों के उचित निपटान के लिए एक व्यवस्थित और सम्मानजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

CM रेखा ने लॉन्च की ‘टैलेंट हंट स्कीम – हौसलों की उड़ान 2026-27’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार ‘टैलेंट हंट स्कीम – हौसलों की उड़ान 2026-27’ की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच बनेगी। जन सेवा सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी योजना के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया।

DND से सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी की तैयारी
दिल्ली-NCR में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने और विभिन्न शहरों के बीच आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन DND-फरीदाबाद-सोहना एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे (DND–Faridabad–Sohna Access-Controlled Highway) परियोजना पर तेजी से काम जारी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निरीक्षण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने संयुक्त रूप से किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना के विभिन्न हिस्सों की प्रगति की समीक्षा की गई और निर्माण कार्य की गति को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई। इस अवसर पर कई केंद्रीय राज्य मंत्री, सांसद तथा दिल्ली और हरियाणा सरकार के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रंग आधारित साइन सिस्टम शुरू
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे ने एक नई व्यवस्था लागू की है। स्टेशन के अलग-अलग प्रवेश मार्गों और प्लेटफॉर्मों के लिए रंग आधारित दिशा-सूचक लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्री आसानी से सही रास्ता चुनकर अपने प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकें। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस नए प्रयोग का उद्देश्य स्टेशन परिसर में भीड़ कम करना और यात्रियों की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित बनाना है। इसके तहत स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर नए दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए तीन मुख्य रंग निर्धारित किए गए हैं। इन रंगों के जरिए यात्रियों को बिना किसी पूछताछ के सीधे अपने निर्धारित प्रवेश मार्ग और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

‘धुरंधर-2’ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा?
दिल्ली उच्च न्यायालय (Delhi High Court) ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को निर्देश दिया है कि वे फिल्म धुरंधर-2 में दिखाए गए कुछ दृश्यों को लेकर उठाई गई राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर विचार कर उचित निर्णय लें। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता द्वारा उठाए गए मुद्दे “विचारणीय” हैं और उन्हें “उचित तरीके से संबोधित” किया जाना चाहिए। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ ने की। याचिका सशस्त्र सीमा बल (SSB) के हेड कांस्टेबल दीपक कुमार की ओर से दायर की गई थी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
ऐतिहासिक स्मारकों पर पर्यटकों के लिए नई सुविधा: राजधानी दिल्ली में ऐतिहासिक स्मारकों पर घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान मोबाइल की बैटरी खत्म होने की समस्या को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI)) ने यह कदम उठाया है। ASI दिल्ली सर्कल ने राजधानी के टिकट वाले सभी 11 प्रमुख स्मारकों में मोबाइल चार्जिंग सुविधा शुरू कर दी है। इनमें लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा और पुराना किला जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, अलग-अलग स्मारकों पर कुल करीब 30 मोबाइल चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इस सुविधा का उद्देश्य पर्यटकों को बिना किसी बाधा के अपने अनुभव और यादों को रिकॉर्ड करने में मदद करना है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली मेट्रो में बढ़ी यात्रियों की संख्या: नई दिल्ली। ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की अपील का असर अब राजधानी दिल्ली में दिखाई देने लगा है। दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, इस सोमवार दिल्ली मेट्रो में पिछले सोमवार की तुलना में करीब 77.92 हजार अधिक यात्रियों ने सफर किया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने विभिन्न लाइनों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। DMRC ने रेड, यलो और ब्लू जैसी प्रमुख मेट्रो लाइनों पर 6 अतिरिक्त ट्रेनें बढ़ाई हैं। इसके चलते मेट्रो नेटवर्क में 25 अतिरिक्त फेरे लगाए गए, ताकि यात्रियों को भीड़ और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिल सके। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाई कोर्ट में AAP के खिलाफ जनहित याचिका: नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में एक जनहित याचिका (PIL) दायर कर भारत निर्वाचन आयोग से आम आदमी पार्टी (AAP) का पंजीकरण रद्द करने और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि ‘लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951’ की धारा 29A(5) के कथित उल्लंघन के आधार पर AAP के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।यह जनहित याचिका सतीश कुमार अग्रवाल की ओर से भारत सरकार, निर्वाचन आयोग, AAP, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal), पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodiya) और दुर्गेश पाठक (Durgesh Pathak) के खिलाफ दायर की गई है। याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि निर्वाचन आयोग को निर्देश दिया जाए कि वह AAP का पंजीकरण रद्द करे और संबंधित नेताओं को चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित करे। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में भीषण गर्मी और प्रदूषण का दोहरा असर: राजधानी में तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। मंगलवार (19 मई) को दिल्ली में अधिकतम बिजली मांग 7,776 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस गर्मी के मौसम में अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। बिजली वितरण कंपनियों के अनुसार, इस बढ़ी हुई मांग के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी रही। BSES और Tata Power Delhi Distribution Ltd ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली की अधिकतम मांग को सफलतापूर्वक पूरा करने का दावा किया है। गर्मी बढ़ने के साथ एयर कंडीशनर और कूलिंग उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण बिजली की खपत में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 89 साइबर ठग गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने एक बड़े साइबर क्राइम सिंडिकेट (Cybercrime Syndicate) का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में अब तक गैंग के 89 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मिलकर देशभर में करीब 40 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक लगभग 51 लाख रुपये की रिकवरी भी की गई है। अधिकारियों के अनुसार, गैंग अलग-अलग तरीकों से लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाता था। मामले की जांच के दौरान कई बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की पड़ताल की गई। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

