ललितपुर में लगातार बारिश के कारण बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया है और माताटीला समेत अन्य जलाशयों से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है. जलभराव और तेज बहाव के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है, जबकि प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

ललितपुर. उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. राजघाट बांध से पानी छोड़े जाने के बाद माताटीला बांध का जलस्तर भी बढ़ गया, जिसके चलते सिंचाई निर्माण खंड के अधिकारियों ने माताटीला बांध के 15 गेट खोलकर करीब 38 हजार क्यूसेक पानी की निकासी शुरू कर दी.

माताटीला से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण बेतवा नदी उफान पर है. वहीं, सुकमा-डुकमा बांध के जरिए भी बेतवा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना बनी हुई है.

जामनी बांध के गेट खुले

बुधवार रात से जनपद में हो रही तेज बारिश के चलते लगभग सभी जलाशय अपने निर्धारित जलस्तर से ऊपर पहुंच गए हैं. तहसील क्षेत्र मड़ावरा के जामनी बांध में लगातार पानी की आवक को देखते हुए गुरुवार को उसके सभी छह गेट खोल दिए गए और अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू की गई.

जनपद के सिंचाई खंड प्रथम की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जामनी बांध से 16,486 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा.

फसलों पर संकट

लगातार बारिश से आम जनजीवन प्रभावित है. खेतों में खड़ी उड़द और सोयाबीन की फसलों में जलभराव होने से किसानों को नुकसान की आशंका है. पालतू गौवंश और अन्य मवेशियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

तेज बारिश के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन भी ठप हुआ है. प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा और सावधानी बरतने की अपील की है.

जखौरा मार्ग बंद

जखौरा क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पिपरा से मनपुरा होते हुए जखौरा-तालबेहट मार्ग तक पहुंचने वाला रास्ता पुलिया पर तेज पानी के बहाव के चलते पूरी तरह बंद हो गया है. पानी का बहाव तेज होने से इस मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है.

स्थानीय लोगों ने राहगीरों से सावधानी बरतने और इस रास्ते से नहीं जाने की अपील की है. प्रशासन से भी मौके पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की गई है.

बिरधा में जलभराव

बिरधा में हुई तेज बारिश के बाद कस्बे में राधा-कृष्ण मंदिर के पास से निकलने वाला नाला उफान पर आ गया. नाले का पानी आंबेडकर नगर मोहल्ले की गलियों में भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई.

गुरुवार सुबह करीब 6 बजे तक गलियों में पानी भरा रहा. ग्रामीणों के मुताबिक, नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है. उनका कहना है कि दोबारा तेज बारिश होने पर नाला फिर उफान पर आ सकता है और मोहल्ले की गलियों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है.

जिलाधिकारी ललितपुर सत्य प्रकाश ने बताया कि जिले में हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश किया गया है और लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है.