परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले अंतर्गत आने वाले कोलारस विधानसभा क्षेत्र के धंधेरा गांव से प्रशासनिक दावों और विकास की पोल खोलती एक परेशान करने वाली तस्वीर सामने आई है। गांव की मुख्य पुलिया पानी में पूरी तरह डूब जाने के कारण ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है। सबसे ज्यादा विकट स्थिति तब बनी जब एक बीमार बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना था। कोई साधन न होने पर परिजनों को मजबूरन बुजुर्ग को खटिया पर लिटाकर अपने कंधों पर उठाकर पानी से लबालब भरी खतरनाक पुलिया पार करानी पड़ी।
केंद्रीय मंत्री से मदद की लगाई गुहार
इस पूरी खौफनाक मशक्कत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लगातार हो रही इस समस्या से तंग आकर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने अपील की है कि इस पुलिया की ऊंचाई बढ़ाई जाए, ताकि हर बारिश में लोगों को इस तरह जान जोखिम में डालकर आवागमन न करना पड़े।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



