दुर्ग। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी परीक्षा 20 फरवरी से आयोजित की जा रही है. इन परीक्षाओं के लिए गोपनीय सामग्रियों का वितरण 12 एवं 13 फरवरी को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय बहुउद्देशीय जेआरडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग से किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय आज लेंगे विभागीय बैठक… राज्य के पहले अंतरिक्ष केंद्र का होगा शुभारंभ… अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आएंगे छत्तीसगढ़… 25वें भारत रंग महोत्सव आज से शुरू… पढ़ें और भी खबरें

जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि गोपनीय सामग्री प्राप्त करने के लिए मुख्य परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष/ प्राचार्य उपस्थित होंगे. इस बार दसवीं में 16857 विद्यार्थी तथा 12वीं में 13563 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. इस तरह बोर्ड परीक्षाओं में कुल 30420 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. दुर्ग जिले में परीक्षा के लिए कुल 135 केंद्र बनाए गए हैं. इस बार फरीदनगर भिलाई को नया केंद्र बनाया गया है. वहीं इंदिरा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर भिलाई स्थित परीक्षा केंद्र को बंद किया गया है. गोपनीय सामग्री को परीक्षा केंद्र के निकट 27 थाने में रखा जाएगा.

पुष्प प्रदर्शनी प्रतियोगिता के लिए पंजीयन आज से

दुर्ग। महापौर अलका बाधमार के मार्गदर्शन में आगामी फ्लावर शो ( पुष्प प्रदर्शनी) के आयोजन को लेकर आज डाटा सेंटर में आयुक्त सुमित अग्रवाल की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक में पर्यावरण प्रभारी काशीराम कोसरे, कार्यपालन अभियंता एवं उद्यान प्रभारी अनिल सिंह उपस्थित रहे.

बैठक में आयोजन को इस वर्ष और अधिक भव्य व आकर्षक बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई. निर्णय लिया गया कि यह मेगा फ्लावर शो दुर्ग के जीई रोड स्थित राजेन्द्र पार्क में आयोजित किया जाएगा. यहां विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजन को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक वृहद स्वरूप दिया जाएगा, जिसमें फूलों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे.

गुम मोबाइल के जरिए 1.23 लाख की ठगी

भिलाईनगर। छावनी पुलिस ने यूपीआई से करीब सवा लाख रुपए की रकम निकालने वाले आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है. प्रकरण में करीब दो वर्ष पहले युवक का मोबाइल गुम हो गया था. मोबाइल आरोपी के हाथ लग गया. उसने पासवर्ड हैक कर यूपीआई के माध्यम से रकम निकाल ली थी.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थी संतोष कुमार ने 6 मार्च 2024 को छावनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसका मोबाइल गुम हो गया था. किसी ने गुम हुए मोबाइल का दुरुपयोग कर फोन पे यूपीआई के माध्यम से कुल 1 लाख 23 हजार 900 रुपए की रकम ट्रांसफर कर ली. प्रकरण में छावनी पुलिस ने धारा 420, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की. विवेचना के दौरान बैंक प्राप्त जानकारी के आधार पर राशि जिस खाते में ट्रांसफर की गई थी, वह खाता सचिन किसपोट्टा (32 वर्ष) निवासी जिला कैमूर (बिहार) के नाम से संचालित होना पाया गया. इस आधार पर पुलिस टीम को बिहार रवाना किया गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

उधारी न चुकाने पर युवक की पीट पीटकर हत्या

भिलाईनगर। सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत उधारी न चुकाने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 3 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पैसा नहीं देने पर आरोपियों ने पहले युवक का कार से अपहरण किया. इसके बाद उसे होटल में ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

प्रकरण में पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि मृतक ऋषि निर्मलकर (19 वर्ष) ने आरोपियों से कुछ पैसे उधार ले रखे थे, जिसे वह लौटा नहीं पाया. इसके चलते 24 जनवरी मालवीय नगर चौक के पास आरोपी उसे जबर्दस्ती कार में बैठाकर अपने साथ इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन में ले गए, जहां ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई. इस चोटों के कारण इलाज के दौरान ऋषि निर्मलकर की मौत हो गई.

आरोपियों की तलाश के दौरान ओम नगर उरला, दुर्ग निवासी प्रशांत राव और जयंती नगर दुर्ग निवासी लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था. शेष फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी. सोमवार आरोपियों का सुराग लगने पर कैलाश नगर निवासी काके उर्फ हरविंदर सिंह (20 वर्ष), गुरुनानक नगर दुर्ग निवासी मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19 वर्ष) और हावड़ा, पश्चिम बंगाल निवासी अंकित झा (22 वर्ष) को पकड़ लिया गया.

स्टेशन के पास मिला बुजुर्ग का शव

दुर्ग। रेलवे स्टेशन के पास एक बुजुर्ग का शव मिला है. जीआरपी चौकी पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के मर्चरी में रखा है और उसके वारिसान की पतासाजी कर रही है. जीआरपी चौकी पुलिस ने बताया कि मृतक कुबेर (75 वर्ष) का शव स्टेशन पास मिला है. वह दुबला पतला है एवं बाल दाढ़ी बढ़ी हुई है. लाल रंग के चेक शर्ट एवं पीले रंग की धोती पहना हुआ है. पुलिस उसके वारिसान की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है.

सट्टा कारोबारी गिरफ्तार

भिलाईनगर। मोबाइल से अवैध सट्टा संचालन करने वाले सट्टा कारोबारी को पाटन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगद राशि, मोबाइल एवं सट्टा पर्ची जब्त की है.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 30 जनवरी को थाना पाटन क्षेत्र अंतर्गत रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 09 पाटन में एक व्यक्ति अपने इलेक्ट्रॉनिक/ इलेक्ट्रिक दुकान की आड़ में मोबाइल के माध्यम से अवैध सट्टा कारोबार किया जा रहा है. सूचना पर थाना पाटन पुलिस ने नितेश कुमार देवांगन (44 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 51 पाटन को गिरफ्तार कर लिया है.

युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

भिलाईनगर। छावनी थाना अंतर्गत कैंप-1 श्याम नगर इलाके में रहने वाली 27 वर्षीय युवती नीतू कोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका अपने दो भाइयों के साथ रहती थी. घटना 31 जनवरी देर रात की है. सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. मामले की जांच के तहत परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

पड़ोसन के पालतू कुत्ते ने मासूम पर किया हमला

भिलाईनगर। जामुल थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 21 साईं मंदिर के पास पालतू कुत्ते ने एक 10 वर्षीय बच्चे को काट लिया है. घटना को लेकर पुलिस ने पीड़ित के पिता की रिपोर्ट पर मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.

जामुल पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मिंटू सिंह (27 वर्ष) निवासी ढांचा भवन कुरूद वार्ड 21 सांई मंदिर के भिलाई पास सिम्प्लेक्स इंजीनियरिंग कंपनी में कार्यरत है. उन्होंने बताया कि उनका बेटा उत्कर्ष सिंह (10 वर्ष) 1 फरवरी 2026 को दोपहर के समय सांई मंदिर के पास खेलने गया था . खेलकर घर लौटते समय करीब दोपहर 3 बजे अचानक पड़ोस में रहने वाली एक महिला का पालतू कुत्ते ने उसे काट लिया.

कुत्ते के काटने से बालक के बाएं पैर के घुटने के नीचे पीछे की ओर चोट के निशान आए हैं. बच्चे के चीखने- रोने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे. घटना की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने मामले में धारा 291 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है.

पुलिस ने खोज 60 लाख के 202 गुम मोबाइल

भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने डिजिटल तकनीकी का सहारा लेकर पांच जिलों में चल रहे करीब 60 लाख के 202 नग मोबाइल खोज निकाला. वापस मिलने की उम्मीद खो चुके लोगों को जब उनके कीमती फोन मिले तो चेहरा खिल उठा. उन्होंने पुलिस का धन्यवाद किया.

डीआईजी एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 तक गुम हुए मोबाइल से संबंधित आवेदनों का तकनीकी विश्लेषण कर खोजबीन की. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने प्रयास करते हुए दुर्ग- भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा एवं रायपुर क्षेत्रों से विभिन्न कंपनियों के कुल 202 नग गुम मोबाइल खोजकर बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपए है.

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी हो गया है, तो तत्काल नजदीकी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं. थाना रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर स्वयं लॉगिन कर गुम मोबाइल की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दर्ज करें.

रिपोर्ट दर्ज करने से पूर्व गुम मोबाइल नंबर को अनिवार्य रूप से आबंटित कराएं. पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाना रिपोर्ट की प्रति, गुम मोबाइल का बिल एवं आधार कार्ड आवश्यक होगा, जिसे निर्धारित स्थान पर अपलोड करना होगा. रिपोर्ट प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा. बता दें कि दुर्ग पुलिस ने 4 वर्षों में लगभग 1406 गुम मोबाइलों को खोज निकालने में सफल रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H