संसद के बजट सत्र का आज छठा दिन है और अब तक का सत्र लगातार हंगामे, निलंबन और तीखी राजनीतिक बयानबाजी से भरा रहा है। आज(बुधवार) का दिन भी बेहद अहम माना जा रहा है। संसद में एक तरफ राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी, वहीं दूसरी ओर विपक्षी सांसदों के निलंबन, राहुल गांधी को बोलने का मौका न मिलने का विवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित संबोधन को लेकर सदन का माहौल गरम रहने की पूरी संभावना है। आज पीएम मोदी शाम 5 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण का जवाब देंगे।

शाम 5 बजे प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन संभव

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 5 बजे लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बात रख सकते हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी बजट 2026 की प्राथमिकताओं, सरकार की उपलब्धियों, विपक्ष के आरोपों और हालिया हंगामे पर सीधा जवाब दे सकते हैं। हालांकि, इससे पहले विपक्ष द्वारा सदन में हंगामे की आशंका भी जताई जा रही है।

पांच और कांग्रेस सांसदों के निलंबन की आशंका

आज के दिन की सबसे बड़ी राजनीतिक हलचल पांच और कांग्रेस सांसदों के निलंबन को लेकर है। ये वही सांसद बताए जा रहे हैं, जो मंगलवार को निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसदों के समर्थन में सदन में खड़े थे। अगर यह निलंबन होता है, तो बजट सत्र के दौरान विपक्ष और सरकार के बीच टकराव और तेज हो सकता है। बता दें कि, संसद में भारी हंगामा के चलते 8 सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था।

कल निलंबित हुए थे 8 विपक्षी सांसद

मंगलवार को लोकसभा ने सदन की कार्यवाही में बाधा डालने और चेयर की ओर कागज उछालने के आरोप में आठ विपक्षी सांसदों को बजट सत्र के शेष समय के लिए निलंबित कर दिया था। निलंबित सांसदों में शामिल हैं-अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, सी. किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत यादवराव पाडोले, एस. वेंकटेश, डीन कुरियाकोस। इसी निलंबन के खिलाफ विपक्ष आज फिर सदन में विरोध दर्ज करा सकता है।

राहुल गांधी बनाम स्पीकर विवाद तेज

पिछले दो दिनों से लोकसभा में हंगामे की बड़ी वजह राहुल गांधी द्वारा पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब के अंश को बताने पर हुआ है। राहुल गांधी का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा यह संसदीय परंपराओं का उल्लंघन है। इसी मुद्दे पर राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भी लिखा है। आज इस मुद्दे पर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m