गयाजी। जिले में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। 14 फरवरी को जिलास्तरीय रोजगार मेले का आयोजन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, केंदुई के खेल मैदान में किया जाएगा। इस मेले में स्थानीय नियोजकों के साथ बिहार और देश के विभिन्न हिस्सों से आई करीब 20 निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी। एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीटेक, एमबीए, नर्सिंग और होटल मैनेजमेंट योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों को पद और कार्यस्थल के अनुसार प्रति माह 12 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा।

प्रमुख कंपनियां और अवसर

पेटीएम पेमेंट सर्विस गयाजी में इंटर पास युवाओं के लिए 100 पदों पर भर्ती करेगी। ब्लिंकिट कामर्स प्राइवेट लिमिटेड 10वीं से स्नातक पास अभ्यर्थियों को हैदराबाद में रोजगार देगी। उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बिहार में 250 पदों पर नियुक्ति करेगा। इसके अलावा सीस इंडिया लिमिटेड, जोमैटो, जेप्टो, मदरसन सूमी वायरिंग, HRVS इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियां भी शामिल होंगी।

महिलाओं के लिए विशेष अवसर

LIC बोधगया द्वारा केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए 75 पद आरक्षित किए गए हैं। वहीं शुभकामना हार्ट हॉस्पिटल, बोधी इमरजेंसी हॉस्पिटल, श्री विश्वेश्वर नेत्रालय, शाकंभरी स्नैक्स, APR ऑटोमोबाइल (महिंद्रा), लॉर्ड बुद्धा ऑटोमोबाइल (किआ) और इंद्रमेश ऑटो (रेनॉल्ट) स्थानीय स्तर पर नियुक्तियां करेंगी।

योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी

मेले में कृषि विज्ञान केंद्र, जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, DRCC, ITI, RSETI और जन शिक्षण संस्थान के स्टॉल लगेंगे, जहां स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मेला पूरी तरह निःशुल्क है। युवाओं से अपील है कि वे आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ 14 फरवरी को पहुंचकर अवसर का लाभ उठाएं।