किशनगंज। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत टेउसा गांव से एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। महिला अपने साथ घर में रखे 25 हजार रुपये नकद और कीमती जेवरात भी ले गई है। इस संबंध में महिला के पति सद्दाम हुसैन ने सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
खेत में काम को लेकर हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 15 फरवरी की है। महिला गांव के ही एक मक्के के खेत में घास काटने गई थी। इसी दौरान उसके पति सद्दाम हुसैन ने उसे काम करने से मना किया और स्वयं खेत का काम संभालने चले गए। पति के मना करने के बाद महिला वहां से चली गई, लेकिन शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
नकदी और गहने लेकर घर से निकली
परिजनों ने जब घर की तलाशी ली, तो पता चला कि महिला अलमारी में रखे लगभग 25 हजार रुपये कैश और अपने सोने-चांदी के जेवरात भी साथ ले गई है। पति सद्दाम ने बताया कि घर में घास काटने की बात को छोड़कर कोई बड़ा विवाद नहीं था और महिला का व्यवहार भी सामान्य था। अचानक इतनी बड़ी रकम और गहनों के साथ गायब होना किसी अनहोनी या सोची-समझी योजना की ओर इशारा कर रहा है।
पुलिस की जांच तेज
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक विशेष टीम रिश्तेदारों और महिला के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। महिला के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है ताकि जल्द से जल्द उसका सुराग मिल सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


