रोहित कश्यप, मुंगेली। उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने वनग्राम अचानकमार में जनचौपाल लगाकर अपने 8 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों से संवाद किया. इस दौरान उनकी समस्याओं को सुनकर उसका समाधान किया, वहीं कुछ आवेदनों के निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया. इस अवसर पर साव ने टाइगर रिजर्व में पर्यटन के लिए समूह को पांच जिप्सी प्रदान किया तथा चार ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : मुख्यमंत्री साय आज महत्वपूर्ण बैठकों में रहेंगे व्यस्त, CG Board की परीक्षाएं आज से शुरू, बिजली की नई दर तय करने आज आयोग दफ्तर में सुनवाई

उप मुख्यमंत्री अरुण साव तीन दिवसीय असम दौरा समाप्त कर सीधे रायपुर एयरपोर्ट से वनग्राम अचानकमार पहुंचे. क्षेत्र की महिलाओं, बुजुर्ग, युवा और स्थानीय निर्वाचित जन प्रतिनिधियों के साथ एक स्थान पर एकत्रित हुए. इस दौरान श्री साव ने गांव की महिलाओं के बीच सरकार की योजनाओं की चर्चा की.

उन्होंने जनचौपाल में लोगों की मूलभूत संबंधी समस्याओं को सुना और इन समस्याओं के निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं. चर्चा के बाद उन्होंने कहा कि ऐसे जनचौपाल, लोगों की समस्याओं को सुनकर उसका निदान करने और सरकार की योजनाओं को उन तक पहुंचाने का एक अच्छा माध्यम है.

जनचौपाल में उन्होंने अचानकमार टाइगर रिजर्व की ओर से पांच जिप्सी वाहन स्वयं सहायता समूह को पर्यटन के लिए उपलब्ध कराया. साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से टॉर्च का वितरण किया गया. उन्होंने अचानकमार में नवनिर्मित लोकमंच का ग्रामीणों के साथ लोकार्पण किया. कार्यक्रम में वरिष्ठ वन कर्मी का सम्मान किया गया.

जनचौपाल में वनग्राम अचानकमार, छपरवा, लमनी, बिंदावर, कटामी, दानवखार, सिवलखार, टिलई डबरा, सारसडोल, बम्हनी, रंजकी सहित विभिन्न ग्रामों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने लमनी, कटामी, छपरवा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपए और अचानकमार के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की है.