पटना/गोपालपुर। बिहार की राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रविवार की देर रात एक शादी समारोह के जश्न में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब हथियारबंद अपराधियों ने दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

​जश्न के बीच अचानक चलीं गोलियां

​जानकारी के अनुसार, शाहपुर में एक शादी के बाद रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया था। मेहमान भोजन कर रहे थे, तभी अचानक विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से मंजीत कुमार और मनीष कुमार नामक दो भाई लहूलुहान होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

​6 बीघा जमीन का पुराना विवाद

​मृतक के भाई ने बताया कि यह हमला सोची-समझी साजिश थी। दरअसल, आरोपियों (गोतिया) के साथ 6 बीघा जमीन को लेकर कोर्ट में केस चल रहा था, जिसमें आरोपी पक्ष की हार हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए रिसेप्शन पार्टी के दौरान इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।

​पुलिस की कार्रवाई और तनाव

​घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।