Bilaspur News Update : बिलासपुर। तारबाहर क्षेत्र में रहने वाली होटल व्यवसायी के साथ 2 लाख का फ्राड हो गया है। उनके साथ यह फ्रॉड उनके ही एक पुराने कर्मचारी ने किया है। कर्मचारी ने शेयर मार्केट से डबल मुनाफे का झांसा दिया है और पैसे हड़पकर फरार हो गया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।

तारबाहर क्षेत्र में रहने वाली होटल व्यवसायी महिला अंजना फ्रांसिस ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि, गोविंद कुमार जो रायपुर के फाफाडीह का निवासी था। वह पिछले कुछ महीनों से उनके होटल में काम करते हुए वहीं रह भी रहा था। इस दौरान उसने अपने काम से विश्वास जीतने का प्रयास किया और महिला से शेयर मार्केट में पैसा लगाने का प्रस्ताव दिया, जिसमें वह उसे डबल मुनाफा देने का वादा करता था।

अंजना ने बताया कि गोविंद कुमार ने उन्हें धोखाधड़ी करके 17 अगस्त से 30 अगस्त 2025 तक चार किस्तों में कुल 2 लाख रुपये नगद ले लिए थे। इसके बाद, गोविंद अचानक 10 सितंबर 2025 को रात 3 बजे अपना सामान लेकर घर से फरार हो गया। जब अंजना ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने फोन नहीं उठाया और कॉल का जवाब नहीं दिया। पुलिस ने अंजना की शिकायत पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छठी कार्यक्रम में जा रहे बाइक सवार दादा पोते को कैप्सूल ट्रक में मारी ठोकर

जांजगीर। छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दादा-पोते को पीछे से आ रहे कैप्सूल वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में पोता कैप्सूल वाहन के पिछले चक्के के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दादा के हाथ, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। यह घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे शिवरीनारायण के शबरी पुल के पास स्थित पुराने तहसील कार्यालय के सामने हुई।

जानकारी के अनुसार डोंगाकोहरौद निवासी मोहनलाल दिनकर 60 वर्ष पिता दादूराम दिनकर अपने पोते विवेक दिनकर 12 वर्ष पिता जीवनलाल दिनकर को लेकर अपने हीरो फैशन प्रो बाइक क्रमांक सीजी 11 एएक्स 3548 से डोंगाकोहरौद से परसाडीह छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वे शिवरीनारायण के शबरी पुल के पास स्थित पुराना तहसील आफिस के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे कैप्सूल वाहन क्रमांक सीजी 22 एक्स 1164 के ड्राइवर ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनके बाइक को पीछे से ठोकर मार दी। ठोकर लगने से मोहनलाल बाइक सहित थोड़ी दूर जा गिरे वहीं उनका पोता विवेक कैप्सूल वाहन के नीचे जा गिरा, जिससे पीछे चक्के में दबकर उसका सर पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर ही मासूम विवेक की दर्दनाक मौत हो गईं।

सशक्त ऐप के माध्यम से मिली चोरी की स्कूटी

जांजगीर-चांपा। नहरिया बाबा मंदिर के पास लावारिस स्कूटर की सशक्त एप से चेकिंग के दौरान कोरबा से चोरी किया गया वाहन निकला। इस संबंध में 21 फरवरी को थाना कोतवाली से रात्रि गश्त में आरक्षक राजकमल ओगरे तथा सुरेश रत्नाकर की ड्यूटी लगाई गई थी जो दोनों कर्मचारियों के द्वारा रात्र गश्त में भ्रमण के दौरान नहरिया बाबा मंदिर के पास से एक स्कूटी क्रमांक सीजी 13 बीसी 2793 को लावारिस हालत में मिलने पर सशक्त एप के माध्यम से चेक किया गया। उक्त स्कूटी थाना सिविल लाइन जिला कोरबा से 12 फरवरी के प्रकरण में चोरी का होना पाया गया। जिसे सुरक्षार्थ थाना सिटी कोतवाली लाया गया तथा थाना सिविल लाइन कोरबा को सूचित किया गया अपराध रोकने के लिए पुलिस अब स्मार्ट तकनीक का उपयोग कर रही है। इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग बिलासपुर रेंज बिलासपुर के द्वारा विकसित सशक्त ऐप अपराध नियंत्रण में प्रभावी साबित हो रहा है इस ऐप के माध्यम से पुलिस को चोरी हुए वाहनों की जानकारी अब मात्र एक क्लिक में उपलब्ध हो रही है जिससे पुलिस टीम को त्वरित कार्यवाही कर वाहनों की बरामदगी करने में आसानी हो रही है। सशक्त अप की विशेषताएं चोरी किए गए वाहनों की तलाशी में अत्यंत उपयोगी सशक्त अप के माध्यम से चोरी करना गए वहां को ढूंढने में आसानी सशक्त अप पर दर्ज शिकायत का तुरंत स्टेटस उपलब्ध होता है।

सड़क पर केक काट मनाया बर्थडे वीडियो वायरल

बिलासपुर। शहर में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को चुनौती देती एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। रात 10 से 11 बजे के बीच सरकंडा से कोनी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर कुछ युवक-युवतियों द्वारा बीच सड़क पर केक काटकर और आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि, युवा सड़क में खड़े होकर पटाखे जला रहे हैं और जश्न मना रहे हैं, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी है। हैरानी की बात यह है कि, हाल के दिनों में इसी मार्ग पर युवाओं के साथ मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही भरी हरकतें जारी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, सड़क पर रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में सड़क पर जश्न मनाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने जैसा है। बार-बार कानूनी कार्रवाई की खबरें आने के बावजूद कुछ युवाओं में न तो शासन-प्रशासन का भय दिख रहा है और न ही पुलिस का। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि, वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित युवाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। साथ ही, रात के समय इस मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

झपटमारी कर भागे दो आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। मोपेड के हैंडल में लटके 40 हजार रुपए से भरा थैला झपट कर भागे बाइक सवारों को घटना के तीसरे दिन पकड़ लिया गया। इस संबंध में प्रार्थी बुधेश्वर देवांगन निवासी ग्राम ओडेकेरा द्वारा 18 फरवरी को थाना जैजैपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह सहकारी बैंक जैजैपुर से धान बिक्री की रकम 40,000 रुपये निकालकर अपने टीवीएस लूना से घर वापस जा रहा था। उक्त राशि को एक थैले में रखकर लूना के हैंडल में लटका रखा था। रास्ते में पेट्रोल पंप पर वाहन खड़ा कर अलग से बोतल में पेट्रोल लेने गया। इसी दौरान दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए पेट्रोल पंप पहुंचे और लूना के हैंडल में लटके पैसों से भरा थैला लेकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जैजैपुर में अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के आधार पर आरोपी दीपक प्रधान पिता पोतरस प्रधान उम्र 27 वर्ष निवासी दोषमनिया थाना कालीनगर जिला जाजपुर उड़ीसा हाल मुकाम उड़ीसा और उसके एक नाबालिग साथी को पकड़ा। उन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनसे लूट की राशि में से तीस हजार रुपये भी जप्त किया गया है।

SECL की वर्दी पहनकर खदान में घुसे डीजल चोर

कोरबा। खदानों में डीजल चोरी कोई नई बात नहीं है, लेकिन अब डीजल चोर एसईसीएल की वर्दी पहनकर डीजल चोरी करने लगे हैं। इसका भंडाफोड़ त्रिपुरा स्टेट राइफल की कार्रवाई में हुआ है। जवानों ने चोरी के मंसूबे पर पानी फेर दिया। जिसकी मुख्यालय में सराहना की गई।

विगत दिनों लगभग दोपहर 3:20 बजे 4 अज्ञात चोर एसईसीएल की वर्दी धारण कर सुरक्षा कर्मियों को भ्रमित करने के उद्देश्य से कुसमुंडा खनन क्षेत्र में बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 12 बीयू 6108 से अवैध रास्ते से प्रवेश किया। उक्त चोरों द्वारा 10 प्लास्टिक कंटेनरों में लगभग 170 लीटर डीजल चोरी कर फरार होने का प्रयास किया जा रहा था। त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (टीएसआर) सुरक्षा कर्मियों की सजगता व तत्परता के कारण संदिग्ध वाहन की पहचान कर क्यूआरटी की सहायता से उसे रोकने का प्रयास किया गया। पकड़े जाने की आशंका से चोर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। त्रिपुरा स्टेट रायफल्स जवानों द्वारा वाहन से 170 लीटर डीजल बरामद कर चोरी के प्रयास को विफल कर दिया गया।