भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में हाउस लीज और रिटायर्ड कर्मियों के परमानेंट सेटलमेंट को लेकर भिलाई नहीं बिकने देंगे के संकल्प को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है. इसी कड़ी में रविवार को सेक्टर 2 स्थित शक्ति सदन में जन संवाद हुआ.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, कांग्रेस विधायक दल की होगी बैठक, छत्तीसगढ़ महिला टीम सेमीफाइनल में, प्रिंसिपल्स मीट संकल्प-2047 का आयोजन

कार्यक्रम में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन दो माह बाद भी हाउस लीज और रिटेंशन स्कीम की दरों में वृद्धि से संबंधित आदेश को वापस नहीं लिया है. प्रबंधन द्वारा रिटेंशन के तहत आवंटित आवास को लटकाया जा रहा है. जबकि दिसंबर में प्रबंधन ने 15 दिनों के अंदर हाउस लीज एवं रिटेंशन स्कीम की बढ़ी हुई किराये की दर पर उचित निर्णय लेने की बात कही थी, परंतु अब तक प्रबंधन कोई निर्णय नहीं लिया है. इसलिए आंदोलन को वार्ड दौरे से आगे बढ़ाते हुए पैदल मार्च करने का निर्णय लिया गया है.

पदयात्रा 22 मार्च को सिविक सेटर से प्रारंभ होगी और सेंट्रल एवेन्यू होते हुए भिलाई विद्यालय सेक्टर 2 मैदान पहुंचेगी. जहां पदयात्रा को विराम दिया जाएगा. संवाद कार्यक्रम में बीएसपी के सेवानिवृत्त कमर्चारी, लीज और रिटेशनधारियों ने आवास का किराये की दर में 24 रूपये प्रतिवगर्फीट की दर से अमानवीय वृद्धि की गई है, मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पेयजल की आपूर्ति की समस्यायें रखी .

बेटियां मात्र 1 रुपए में करा सकेंगी ब्राइडल मेकअप व मेहंदी

भिलाईनगर। वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने अपनी विधानसभा की बहनों और बेटियों के लिए एक और जन-कल्याणकारी घोषणा की है. विधायक रिकेश सेन ने बताया कि आगामी 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से वैशाली नगर विधानसभा की बेटियों के लिए मेकअप व मेहंदी की सुविधाएं मात्र 1-1 रूपये के टोकन शुल्क पर उपलब्ध होंगी.

दुल्हन का श्रृंगार और मेहंदी भिलाई के नामचीन और प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट्स द्वारा किया जाएगा. योजना का लाभ लेने के लिए परिवारों को विवाह तिथि से 15 दिन पूर्व जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में सूचना देकर अपना टोकन प्राप्त करना होगा.

यह भी पढ़ें : Bilaspur News Update: शेयर मार्केट में डबल मुनाफे का झांसा देकर होटल व्यवसायी से लाखों की ठगी, बाइक सवार दादा-पोते को कैप्सूल ट्रक ने रौंदा, 12 वर्षीय पोते की मौत, झपटमारी कर भागे दो आरोपी गिरफ्तार, एसईसीएल की वर्दी पहनकर खदान में घुसे डीजल चोर

हत्या के प्रयास के मामले में नाबालिग गिरफ्तार

भिलाईनगर। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 22 फरवरी को प्रार्थी रितिक चौधरी (18 वर्ष) निवासी संतोषी पारा यादव मोहल्ला कैम्प-02 ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि जनता स्कूल के पीछे मार्ग में एक नाबालिग ने उसे रोककर नशा सेवन के लिए पैसे की मांग की. पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज करते हुए उसके सीने पर धारदार हथियार से वार किया. रिपोर्ट पर थाना छावनी में धारा 119 (1), 109 बी. एन. एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. पेट्रोलिंग एवं त्वरित कार्रवाई के दौरान नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है.

सोशल मीडिया में हथियार प्रदर्शित करने वाले 27 पर कार्रवाई

भिलाईनगर। होली के दौरान हुड़दंग की आड़ में खून खराबा रोकने दुर्ग पुलिस मुस्तैद हो गई है. इसी कड़ी में सोशल मीडिया में अवैध हथियार प्रदर्शित करने वाले 27 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. दो लोगों पर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया. वहीं नाबालिगों के मामले में उनके परिजनों को को ध्यान में रखते थाने बुलाकर समझाइश दी गई है.

नाबालिगों से आपत्तिजनक पोस्ट हटवाया गया. दुर्ग पुलिस द्वारा आगामी होली त्योहार हुए लेते हुए समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. तकनीकी सेल एवं एसीसीयू द्वारा इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का विश्लेषण किया गया. जांच के दौरान 27 ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई, जिन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से धारदार हथियार मंगाकर उनके साथ फोटो लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था.

थाना स्तर पर तस्दीक की कार्रवाई करते हुए थाना छावनी में दो व्यक्तियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया. अन्य मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. नाबालिगों द्वारा पोस्ट किए गए आपत्तिजनक फोटो के संबंध में उनके पालकों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई.

एवं संबंधित पोस्ट हटवाया गया. अभियान में थाना छावनी 06, मोहन नगर 04, जामुल 03, कोतवाली दुर्ग एवं मोहन नगर 02-02, सुपेला, भिलाई नगर, नेवई, पुरानी भिलाई, उतई, नंदिनी नगर एवं धमधा 01-01 प्रकरण बनाए गए हैं. दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में अवैध धारदार हथियार रखने, ऑनलाइन माध्यम से मंगाने अथवा सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध सतत एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सेल में नए श्रम कानूनों को लागू करने की तैयारी शुरु

भिलाईनगर। भारत सरकार द्वारा नए श्रम कानून का अध्यादेश जारी करने के बाद देश के सभी निजी तथा सार्वजनिक क्षेत्र के नियोक्ताओं द्वारा अपने अपने संस्थानों में श्रम कानून को लागू करने की तैयारी शुरु कर दिया गया है. श्रम एवं रोजगार मंत्रालय उपरोक्त कानूनो को 01 अप्रैल 2026 से पूरे देश में लागू करने जा रहा है . इसके तहत सेल प्रबंधन द्वारा अपने सभी यूनिटों में भी लागू करने की प्रारंभिक तैयारी शुरु कर दिया गया है.

सेबी को लिखे पत्र में सेल प्रबंधन ने सूचित किया है कि केंद्र सरकार तथा विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा लागू किए गए विशेष उपबंधो का अध्ययन करने के बाद लागू किया जायेगा. उपरोक्त कानूनों के लागू होने के उपरांत पड़ने वाले वित्तीय प्रभावों का आकलन सेल प्रबंधन द्वारा बाद में किया जायेगा. नए श्रम कानूनों का ठेका श्रमिकों पर यह होगा असर- सभी ठेका श्रमिकों को नियुक्ति पत्र देना अनिवार्य किया गया है.

सभी ठेका श्रमिकों को अनिवार्य रुप से वेतन पर्ची देना है. सभी ठेका श्रमिकों को दैनिक उपस्थिति के हिसाब से वेतन भुगतान अनिवार्य करना है . ठेका श्रमिकों से जुड़े मुद्दे के समाधान के लिए अलग से कार्यसमिति का गठन करना अनिवार्य होगा.

सेल के नियमित कर्मचारियों पर प्रभाव- एनजेसीएस की जगह कार्यसमिति का गठन किया जायेगा. कार्यसमिति में यूनियनों के प्रतिनिधि का चयन सेक्रेट बैलेट इलेक्शन के माध्यम से किया जायेगा. यूनियनों को सदस्यों के अनुपात में कार्यसमिति में सीट आवंटित किया जायेगा. कार्यसमिति की मीटिंग प्रत्येक तीन माह में आयोजित करना होगा. एक कार्यसमिति का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा.

संडे बाजार में अवैध कब्जाधारियों का सामान जब्त

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने रविवार को शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सुपेला चौक से संडे बाजार, गदा चौक तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी बेदखली कार्रवाई की. मुख्य मार्ग और फुटपाथ को बाधित करने वाले दुकानदारों और ठेला संचालकों का भारी मात्रा में सामानों को जब्त किया.

इस बड़ी कारवाई को अंजाम देने के लिए राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और तोड़फोड़ दस्ते की संयुक्त टीम गठित की गई थी. सुपेला थाने के पुलिस बल की मौजूदगी में सुबह से ही टीम ने गदा चौक क्षेत्र की घेराबंदी कर दी थी. संडे बाजार के कारण सुपेला चौक से गदा चौक तक सड़कों पर अत्यधिक दबाव रहता है. कई दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैला लेने के कारण राहगीरों और वाहनों को भारी परेशानी हो रही थी. बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर आज निगम ने सख्ती बरतते हुए सामानों की जब्ती की और अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की कड़ी हिदायत दी.

बाजार में छोटे नोटों की भारी किल्लत, सिक्के कोई पूछ नहीं रहा

राजनांदगांव। लगातार डिजिटल लेनदेन के चलते बाजार में छोटे नोट की कमी हो गई है. छोटे नोट की समस्या होने के चलते व्यापारी परेशान है. व्यापारियों की माने तो छोटे लेनदेन में भी आम लोग पांच सौ रूपए के नोट दे रहे है . इधर बाजार में सिक्को की भरमार है. लेकिन सिक्का लेने से लोग बच रहे है.

बाजार में पड़ताल में पाया गया कि ज्यादातर दस बीस, पचास और सौ रूपए के नोटो की किल्लत अधिक है. जबकि पांच सौ नोटो की अधिकता के चलते व्यापारी और उपभोक्ताओं को लेन देन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है. व्यापारियों की माने तो बैंक द्वारा भी छोटे नोटो की किल्लत दूर करने प्रयास करना चाहिए. सबसे ज्यादा छोटे छोटे लेनदेन में ग्राहक और विक्रेताओं को परेशानी हो रही हैं.

व्यापारियों की माने तो बाजार में सिक्का और पांच सौ के नोटो की अधिकता है, जबकि छोटे नोट की समस्या से लेनदेन में परेशानी होती है. इस संबंध में लीड बैंक अधिकारी मुनीर शर्मा ने बताया कि, समय समय पर व्यापारियों को चिल्हर की व्यवस्था कराई जाती है, वही छोटे नोट की डिमांड के अनुसार उपलब्धता बैंक से हो जाती है.

नाबालिग जोड़े को भागने में मदद करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

डोंगरगांव। नगर के नाबालिक बच्ची को उकसाकर एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ भगाने और दो दिनों तक उन्हें शरण देने के लिए पुलिस ने सख्त कार्यवाही करते हुए पाक्सो की धाराओं के तहत पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी को 14 वर्षीय युवती की गुमशुदगी का रिपोर्ट उनके परिजनों व्दारा दर्ज कराया गया था. जिसके बाद डोंगरगाँव पुलिस ने गहन पड़ताल कर पता लगाया कि उक्त युवती को शहर के ही एक 17 वर्षीय युवक व्दारा ले जाया गया था, जिसका पूर्ण सहयोग पीयुष यादव ने किया जो कि अपने मोटर साईकिल क्रमांक सीजी08 एनसी 4564 से अपने वर्तमान निवास अंबागढ़ चौकी ले गया और दो दिनों तक अपने घर में दोनों युवक-युवती को शरण दिया.

बता दें कि पीयुष यादव पूर्व में उक्त नाबालिक युवती का पूर्व पड़ौसी था और पुलिस उसे काफी अच्छे से जानता था बावजूद इसके उसने पुलिस को सूचना देना उचित नहीं समझा. इधर डोंगरगाँव खोजबीन पश्चात दोनों युवक-युवती को पीयुष यादव के निवास से पकड़ा और आरोपी युवक के साथ पीयुष यादव 21 वर्ष और उसकी पत्नि खिलेश्वरी के विरूद्ध पाक्सो अधिनियम 2012 की धारा 17 व 21 एवं बीएनएस 3 (5) की धारा के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है.

अरहर, चना, मसूर एवं सरसों फसल के विक्रय के लिए कृषक करा सकते हैं पंजीयन

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम- आशा) योजना अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) में किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल एवं ई-समृद्धि पोर्टल पर किया जा रहा है. योजना अंतर्गत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन तथा रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना, मसूर एवं सरसों फसल की बुवाई करने वाले कृषकों का पंजीयन का कार्य किया जा रहा है.

जिले में प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के 15 उपार्जन केन्द्रों तथा एक एफपीओ स्वर्ण उपज महिला किसान उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सुकुलदैहान को अधिसूचित किया गया है. जिनमें घुमका, पदुमतरा, सोमनी, छुरिया, डोंगरगांव, कुमरदा, गैंदाटोला, गहिराभेड़ी, तुमड़ीबोड, कोकपुर, खुर्सीपार, डोंगरगढ़ अछोली, मुसरा, मोहारा एवं लाल बहादुर नगर शामिल हैं. राज्य सरकार द्वारा नाफेड के माध्यम से दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी की जा रही है. जिसके लिए समर्थन मूल्य सोयाबीन 5328 रूपए प्रति क्विंटल, अरहर 8000 रूपए प्रति क्विंटल तथा चना 5875 रूपए प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रूपए प्रति क्विंटल एवं सरसों 6200 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है.

कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से संबंधित सेवा सहकारी समिति में आवेदन पत्र के साथ ऋण पुस्तिका, बी-1, पी-2, आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा कर पंजीयन करा सकते हैं. योजना अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जिले के लिए चिन्हांकित केंद्रीय एजेंसी भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित (नेफेड) द्वारा पंजीकृत कृषकों की फसलों का उपार्जन किया जाएगा.

उपसंचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) में किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल एवं नाफेड द्वारा संचालित ई-समृद्धि पोर्टल के माध्यम से दलहन एवं तिलहन फसलों की ऑनलाईन पंजीयन कर खरीदी की जा रही है. इससे किसानों को समर्थन मूल्य की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त होगी. यह योजना दलहन-तिलहन क्षेत्र के विस्तार और किसानों की आय वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका सिद्ध होगी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m