मुजफ्फरपुर। जिले के बरूराज थाना क्षेत्र अंतर्गत कमालपुर खजुरबानी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बोरे में बंद बच्चे का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने जब संदिग्ध बोरा देखा और पास जाकर पड़ताल की, तो उसमें एक बच्चे का शव बुरी तरह ठूंसा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
लापता फरमान का मिला शव
मृतक की पहचान 9 वर्षीय फरमान आलम (उर्फ परवेज) के रूप में हुई है, जो कमालपुर विथनॉल (वार्ड संख्या 13) का निवासी था। फरमान आज सुबह से ही घर से लापता था, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। घटना के बाद से मृतक के पिता असलम आलम और माता जीवन खातून समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुरानी रंजिश और हत्या का शक
मृतक की मां जीवन खातून ने बताया कि एक साल पहले उनके घर में आगजनी की घटना भी हुई थी। हालांकि, फिलहाल परिजनों ने किसी खास व्यक्ति पर नामजद आरोप नहीं लगाया है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट रूप से इसे हत्या का मामला बताया है। पुलिस को संदेह है कि बालक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर यहां फेंक दिया गया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर से एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से मिट्टी और खून के धब्बों के नमूने एकत्र किए हैं। डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया गया है। पुलिस कॉल रिकॉर्ड्स और आपसी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


