रायपुर/बिलासपुर/दुर्ग/बालोद। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आई है। इसमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बालोद जिले में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। इन हादसों में कुल 4 लोगों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मदद करने आए युवक की तेज रफ्तार ट्रक ने ली जान

राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन के चलते स्कूटी सवार एक महिला बीच सड़क पर गिर गई। महिला को बचाने के लिए आगे आए युवक ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला की स्कूटी को ट्रक दूर तक घसीटता चला गया।घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

कोतवाली क्षेत्र में ट्रक ने दो राहगीरों को कुचला

कोतवाली थाना क्षेत्र में भी रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने दो राहगीरों को कुचल दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

वाहनों की भिड़ंत से यातायात बाधित

वहीं पचपेड़ी नाका, विधायक रेस्ट हाउस और राजेंद्र नगर चौक के पास भी वाहनों की भिड़ंत हुई, जिससे रिंग रोड पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।

कार हवा में उछलकर दो पेड़ों के बीच फंसी

नया रायपुर में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हवा में उछल गई और दो पेड़ों के बीच जा फंसी। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सत्य साईं अस्पताल के एक डॉक्टर के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तेज रफ्तार वाहन ने ली 25 वर्षीय युवक की जान

बिलासपुर जिले के घासीपुर इलाके में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय कुमार आर्मी के रूप में हुई है, जो रतनपुर के अग्रवाल क्लॉथ स्टोर में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा कि वह पिछले दो दिनों से बीमार था और इलाज के लिए रतनपुर आया हुआ था। लौटते समय घासीपुर के पास तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ड्यूटी पर जा रहे आरक्षक की बस से कुचलकर मौत

बालोद जिले में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ है। बालोद थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 221 ठनेश टेमार्य आज मोटरसाइकिल से समंस-वारंट तामिली के लिए ग्राम देवारभाट, जमरूवा और जगतरा की ओर रवाना हुए थे। करीब दोपहर 1 बजे ग्राम सिवनी मुख्य मार्ग पर गांधी इंटरप्राइजेस दुकान के सामने पीछे से आ रही कांकेर ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG 09 F 0603) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। भीषण टक्कर के बाद आरक्षक बस के नीचे आ गए और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

दोपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत

दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में तर्रा से जामगांव एम मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, देर शाम बाइक सवार नवीन कुमार (23 वर्ष) तर्रा बाजार से जामगांव एम की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूटी से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में नवीन कुमार को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी सवार बुजुर्ग मुरलीधर दीवान (63) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में रेफर किया गया है। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।