कोलकाता, देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे एक टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कोलकाता पहुंचकर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है. जांच एजेंसियां बांग्लादेश और पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठनों से संभावित कनेक्शन की गहन पड़ताल कर रही हैं.
मालदा और बांग्लादेश कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालदा निवासी उमर फारूक और बांग्लादेश निवासी रोबिल उल इस्लाम के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों संदिग्ध बांग्लादेश में बैठे एक व्यक्ति शब्बीर अहमद लोन के संपर्क में थे. सूत्रों के अनुसार, शब्बीर अहमद लोन का संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से बताया जा रहा है. बताया जाता है कि वह मूल रूप से कश्मीर का रहने वाला है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसे वर्ष 2007 में एक AK-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया गया था. 2018 में जेल से रिहा होने के बाद वह कथित तौर पर बांग्लादेश भाग गया, जहां से वह मॉड्यूल को संचालित कर रहा था.
दिल्ली में देश-विरोधी पोस्टर से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब 7 फरवरी को दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो के खंभों पर देश-विरोधी पोस्टर लगाए गए. इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस मेट्रो यूनिट और स्पेशल सेल ने जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर पोस्टर लगाने वालों की पहचान की गई. जांच में उनका कनेक्शन पश्चिम बंगाल तक पहुंचा. इसके बाद स्पेशल सेल की टीम कोलकाता पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया.
तमिलनाडु में भी छापेमारी
पूछताछ के दौरान संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर जांच एजेंसियों ने तमिलनाडु में भी छापेमारी की, जहां से अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध वीडियो और आतंकी मॉड्यूल से जुड़े डिजिटल सबूत मिलने की बात कही जा रही है.
जांच जारी
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. जांच एजेंसियां इस मॉड्यूल के फंडिंग स्रोत, विदेशी संपर्क और संभावित हमले के लक्ष्य की जानकारी जुटाने में लगी हैं. सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर व्यापक साजिश का पर्दाफाश करने की कोशिश कर रही हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


