मुजफ्फरपुर। जिले के चर्चित 2021 ‘ब्लू ड्रम कांड’ में अदालत ने मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा को आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। प्यार और धोखे की इस दास्तां में पति की बेरहमी से हत्या कर उसकी लाश को ड्रम में गलाने की कोशिश की गई थी।

​अवैध संबंधों में रोड़ा बना पति

​यह घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालूघाट की है। मृतक राकेश सहनी दिल्ली में रहकर काम करता था, जबकि उसकी पत्नी राधा मुजफ्फरपुर में रह रही थी। इसी दौरान राधा का प्रेम-प्रसंग सुभाष शर्मा से शुरू हुआ। दोनों ने साथ रहने के लिए राकेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जब राकेश घर लौटा, तो सुभाष ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

​लाश गलाने का खौफनाक नुस्खा

​हत्या के बाद साक्ष्यों को मिटाने के लिए सुभाष ने शव के टुकड़े किए और उसे एक नीले प्लास्टिक ड्रम में डाल दिया। लाश को पूरी तरह गलाने के लिए आरोपी छह दिनों तक उसमें लगातार नमक, ब्लीचिंग पाउडर और फिनाइल डालता रहा।

​धमाके ने खोल दिया राज

​18 सितंबर 2021 को ड्रम के अंदर रसायनों के रिएक्शन से जोरदार धमाका हुआ और घर में आग लग गई। फायर ब्रिगेड जब आग बुझाने पहुंची, तो फटे हुए ड्रम में सड़ी-गली लाश देखकर दंग रह गई। एफएसएल की जांच के बाद इस वीभत्स हत्याकांड का खुलासा हुआ।

​प्रेमी जेल में, प्रेमिका अब भी फरार

​पुलिस पूछताछ में राधा ने गुनाह कबूल किया, लेकिन वह फिलहाल फरार है। कोर्ट ने सुभाष को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। जिस प्रेमिका के लिए सुभाष ने मर्डर किया, वही उसे इस अंजाम तक पहुंचाकर खुद कानून की पहुंच से बाहर है।