पटना। बिहार में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए नेशनल टैलेंट हंट अभियान का आगाज हो गया है। पटना जोन में आयोजित इस विशेष ऑडिशन और इंटरव्यू प्रक्रिया के पहले ही दिन भारी उत्साह देखा गया, जहां कुल 308 आवेदन प्राप्त हुए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पार्टी के लिए नए और ऊर्जावान प्रवक्ताओं, पैनलिस्टों और मीडिया विशेषज्ञों की खोज करना है।

​प्रतिभा चयन के लिए दिग्गज मैदान में

​पार्टी के विभिन्न पदों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की योग्यता को परखने के लिए एक उच्चस्तरीय पैनल बनाया गया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, राष्ट्रीय प्रवक्ता चित्रा बाथम और संयोजक असित नाथ तिवारी ने खुद कमान संभाली और उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया। राजेश राम ने कहा कि यह अभियान विशेषज्ञों और युवाओं को सीधे पार्टी की नीति-निर्धारण और नेतृत्व प्रक्रिया से जोड़ने का एक सुनहरा अवसर है।

​देश में पहली बार ऐसी अनूठी पहल

​राष्ट्रीय प्रवक्ता चित्रा बाथम ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कांग्रेस देश की पहली ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है, जो मीडिया मैनेजमेंट, रिसर्च और प्रवक्ता जैसे पदों के लिए ‘टैलेंट हंट’ के जरिए पारदर्शी चयन कर रही है। इसमें समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को समान भागीदारी दी जा रही है।

प्रोटोकॉल कमिटी का गठन

​संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने एक तीन सदस्यीय प्रोटोकॉल कमिटी की घोषणा की है। इसमें डॉ. शशि रंजन, रौशन कुमार सिंह और कुमार दिवाकर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कमिटी वरिष्ठ नेताओं के दौरों, पार्टी बैठकों और आधिकारिक कार्यक्रमों के बेहतर प्रबंधन का कार्य देखेगी।