PM Modi Israel Visit: पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के इजरायल दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन पीएम मोदी ने इजराइली संसद नेसेट को संबोधित किया। इस दौरान उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी को भारत और इजराइल के बीच रणनीतिक संबंधों को सुदृढ़ करने में उनके असाधारण योगदान के लिए बुधवार को स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल से सम्मानित किया गया है। नेसेट स्पीकर अमीर ओहाना ने इजराइली संसद में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद उन्हें यह पदक प्रदान किया। भारतीय प्रधानमंत्री यह पदक पाने वाले पहले नेता हैं।

‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ मिलने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है, बल्कि भारत और इजराइल की चिरस्थायी मित्रता को दिया गया सम्मान है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, मैं नेसेट पदक प्राप्त करके बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इसे विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह किसी एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है, बल्कि भारत और इज़राइल की चिरस्थायी मित्रता का सम्मान है। यह उन साझा मूल्यों को दर्शाता है, जो हमारे दोनों राष्ट्रों का मार्गदर्शन करते हैं।

इससे पहले इजरायली संसद (नेसेट) को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल पर हमास के हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि हम आपके दर्द को समझते हैं, भारत लंबे वक्त से आतंकवाद से पीड़ित है। भारत इजराइल के साथ खड़ा है। मोदी ने कहा कि किसी भी कारण से आम लोगों की हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता और आतंकवाद को कभी भी जायज नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि भारत ने भी लंबे समय तक आतंकवाद का दर्द झेला है। हमें 26 नवंबर के मुंबई हमले याद हैं, जिनमें इजराइली नागरिकों सहित कई बेगुनाह लोगों की जान गई थी। आपकी तरह भारत की भी आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति है और इसमें कोई दोहरा मापदंड नहीं है।

मोदी ने गाजा शांति पहल का समर्थन किया

इजराइली संसद में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि UNSC के समर्थन वाली गाजा शांति पहल आगे बढ़ने का एक रास्ता दिखाती है। भारत ने इस पहल का मजबूत समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हमें भरोसा है कि यह पहल क्षेत्र के सभी लोगों के लिए न्याय और लंबे समय तक रहने वाली शांति ला सकती है, जिसमें फिलिस्तीन का मुद्दा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी कदम समझदारी, हिम्मत और इंसानियत के आधार पर होने चाहिए। शांति का रास्ता आसान नहीं होता, लेकिन भारत इस क्षेत्र में बातचीत, शांति और स्थिरता के लिए आपके साथ और दुनिया के साथ खड़ा है।

भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था

इजराइली संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों से भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था रहा है। जल्द ही हम दुनिया की टॉप 3 इकोनॉमी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में भारत ने कई देशों के साथ महत्वपूर्ण व्यापार समझौते किए हैं। हमारी टीमें एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।

युवा इजराइलियों को भारत आने का निमंत्रण

आज, ऐसा लगता है कि लगभग हर मोहल्ले में योग का अभ्यास किया जाता है। मुझे बताया गया है कि आयुर्वेद में भी लोगों की रुचि बढ़ रही है. मैं अधिक से अधिक युवा इजराइलियों को भारत की यात्रा करने के लिए आमंत्रित करता हूं। वे हमारे समाज की जीवंतता को देखेंगे और अनुभव करेंगे कि समग्र स्वास्थ्य शरीर और मन के लिए क्या कर सकता है। उन्होंने बताया कि भारतीय संसद ने इजराइल के लिए एक संसदीय मैत्री समूह की स्थापना की है। मैं आप सभी को भारत आने के लिए आमंत्रित करता हूं और हमारे सांसदों के बीच और अधिक आदान-प्रदान की आशा करता हूं।

इजराइल और फिलिस्तीन से मिला सर्वोच्च सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन विरले वैश्विक नेताओं में शामिल हैं, जिन्हें इजराइल और फिलिस्तीन दोनों से सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी को 2018 में ग्रैंड कॉलर आफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन से सम्मानित किया गया था, जो विदेशी नेताओं के लिए फिलिस्तीन का सर्वोच्च सम्मान है।

कई देशों से मिला सम्मान

यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न देशों द्वारा प्रदान किए गए 28 से अधिक सर्वोच्च नागरिक सम्मानों की विशिष्ट सूची में नवीनतम है। जिनमें हाल ही उन्हें मिले ऑर्डर ऑफ ओमान और इथियोपिया के ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया तथा कुवैत के ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर शामिल है। यह प्रधानमंत्री मोदी की नौ वर्षों में इज़राइल की दूसरी यात्रा है। जुलाई 2017 में उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इजराइल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया था।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m