कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में शराबबंदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। राजद (RJD) के कद्दावर विधायक भाई बीरेंद्र ने नीतीश सरकार और एनडीए गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। ​भाई बीरेंद्र ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाते हुए इसे पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि प्रदेश में शराबबंदी सिर्फ कागजों पर है। विधायक के अनुसार, एनडीए के कुछ नेता और प्रशासन के भ्रष्ट अधिकारी मिलकर शराब की तस्करी करवा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो रही है। जब स्थिति इतनी पारदर्शी है कि शराब हर जगह उपलब्ध है, तो विपक्ष को यह कहने में कोई गुरेज नहीं कि सदन के बाहर भी शराब आसानी से मिल सकती है।

​अमित शाह के दौरे पर निशाना

​केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर भी भाई बीरेंद्र ने कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता बिहार में केवल सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देने और ध्रुवीकरण करने के उद्देश्य से आते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब ये लोग सत्ता से बाहर होंगे, तब इनके असली कारनामों का कच्चा चिट्ठा जनता के सामने आएगा और इन्हें पता चलेगा कि इन्होंने राज्य का क्या हश्र किया है।