India Semi-Final Scenario : जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में भले ही टीम इंडिया ने मैदान मार लिया है, लेकिन अभी असली इम्तिहान बाकी है. अगर उसे सेमीफाइनल में जगह चाहिए तो सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ हर हाल में जीत चाहिए. 1 मार्च को होने वाले इस मुकाबले में एक चूक टीम इंडिया का दोबारा खिताब जीतने का सपना तोड़ सकती है.

Team India T20 World Cup Semi-Final Qualification Scenario: 26 फरवरी का दिन टीम इंडिया के नाम रहा. उसने सुपर 8 के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रनों से बड़ी जीत हासिल की. इस जीत के बाद भी टीम इंडिया अभी सेमीफाइनल में नहीं पहुंची है. उसे आखिरी पड़ाव पार करना बाकी है. ये पड़ाव है सुपर 8 का आखिरी मैच, जो टीम इंडिया को 2 बार की विश्व विजेता वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है. यह मुकाबला तय करेगा कि भारत आगे जाता है या उसका सफर यहीं खत्म होता है. मान लीजिए अगर टीम इंडिया जीती तो उसे सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा, जबकि वेस्टइंडीज जीती तो फिर टीम इंडिया का बोरिया-बिस्तर बंध जाएगा. मतलब ये करो या मरो की जंग है.

1 गलती से सफर होगा खत्म

जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में भले ही टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 256 रन बना दिए, लेकिन अब विंडीज की चुनौती होगी, जो इस सीजन बढ़िया फॉर्म में रही है. हालांकि सुपर 8 के दूसरे मैच में उसे साउथ अफ्रीका ने 9 विकेट से हरा दिया, लेकिन सूर्या ब्रिगेड शाई होप की कप्तानी वाली विंडीज को हल्के में नहीं लेगी. उसके पास बैटिंग में गहराई है. विंडीज के खिलाड़ी छक्कों की बारिश करते हैं, इसलिए भारतीय गेंदबाजों के सामने उन्हें रोकने की चुनौती होगी. इस मैच में टीम इंडिया की एक छोटी सी गलती उस पर भारी पड़ सकती है.

वेस्टइंडीज का पलड़ा है भारी

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मुकाबलों का रिकॉर्ड हर किसी को हैरान कर रहा है. दोनों टीमें 4 बार आमने-सामने हुई हैं, जिनमें से विंडीज ने 3 बार बाजी मारी है. भारत ने सिर्फ 1 मैच जीता था. ये जीत उसे 2014 में मिली थी. आखिरी दफा दोनों टीमें 2016 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में भिड़ी थीं, जब विंडीज ने जीत हासिल की थी.

सेमीफाइनल में एंट्री करने वाली किससे भिड़ेगी?

प्वाइंट्स टेबल में वेस्टइंडीज और भारत की स्थिति एक जैसी है. दोनों टीमों के पास 2 मैचों के बाद 2 पॉइंट्स हैं. मतलब ये कि जो भी टीम मैच हारेगी वह बाहर होगी, जबकि जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में जाएगी और फिर खिताबी जंग के लिए उसे इंग्लैंड से भिड़ना होगा. सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा.