T20 World Cup 2026 Prize Money: टी20 विश्व कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट में अब केवल तीन मुकाबले बाकि हैं, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल। इसके बाद दुनिया को टी20 चैंपियन मिल जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों के मन में जहां खिताब को लेकर उत्सुकता है, वहीं एक बड़ा सवाल यह भी है कि इस बार विजेता टीम को प्राइज मनी के तौर पर कितनी रकम मिलेगी।

20 टीमों से शुरू हुआ था सफर

बता दें कि इस बार टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया था। शुरुआती दौर के बाद 12 टीमें बाहर हो गईं और सुपर 8 में आठ टीमों ने जगह बनाई। अब सुपर 8 चरण भी समाप्त हो चुका है और केवल चार टीमें खिताब की दौड़ में बची हैं।

पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टक्कर तय है। दोनों मुकाबलों के विजेता फाइनल में प्रवेश करेंगे और हारने वाली टीमों का अभियान यहीं समाप्त हो जाएगा।

विजेता को मिलेगी 27 करोड़ रुपये से अधिक की राशि

प्राइज मनी के मामले में इस बार बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। साल 2024 में जब भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीता था, तब उसे करीब 20.4 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली थी।

इस बार यह रकम और बढ़ाई गई है। जानकारी के मुताबिक, 2026 के विजेता को 27 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जाएगी। कुल मिलाकर इस टूर्नामेंट के लिए लगभग 120.37 करोड़ रुपये का प्राइज पूल निर्धारित किया गया है। हालांकि आधिकारिक घोषणा डॉलर में होती है और रुपये में आंकड़ा विनिमय दर के अनुसार थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है।

रनरअप और सेमीफाइनलिस्ट भी होंगे मालामाल

फाइनल में पहुंचकर उपविजेता रहने वाली टीम को भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। उसे करीब 14.65 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को लगभग 7.24 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके अलावा पांचवें से बारहवें स्थान तक रहने वाली टीमों को भी करीब 3.48 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी जाएगी।

स्पष्ट है कि इस बार टी20 विश्व कप केवल ट्रॉफी की जंग नहीं, बल्कि करोड़ों की इनामी राशि जीतने का भी मुकाबला है। खिताब से दो कदम दूर खड़ी चारों टीमें अब पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम ट्रॉफी के साथ करोड़ों की इनामी राशि पर कब्जा जमाती है और इतिहास में अपना नाम दर्ज कराती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H