भिलाईनगर। अमलेश्वर थाना अंतर्गत कृष्णा वाटिका रिसॉर्ट में संचालित हो रहे बड़े जुआ के फड़ पर पुलिस ने छापा मारकर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष, भाजपा नेता और पार्षद पति समेत 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.59 लाख नगद सहित 25 लाख से अधिक की सामग्री जब्त की है.

यह भी पढ़ें : होली पर अंबेडकर अस्पताल में 24 घंटे जारी रहेगी इमरजेंसी सेवा, अधीक्षक ने मेडिकल स्टाफ के लिए जारी किए विशेष निर्देश

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 1 मार्च को थाना अमलेश्वर को सूचना मिली कि कृष्णा वाटिका रिसॉर्ट में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर रूपयों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं. सूचना की तस्दीक कर थाना अमलेश्वर पुलिस टीम एवं एसीसीयू टीम द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी गई. दबिश के दौरान रोहित निर्मलकर ( 43 वर्ष) निवासी रावतपुरा कॉलोनी रायपुर, नरेश सोनकर ( 29 वर्ष) निवासी पाठागांव रायपुर, प्रमोद वर्मा (34 वर्ष) निवासी सत्यम विहार रायपुर, मुकेश कुमार धीमर (28 वर्ष) निवासी गुरुवार बाजार चौक दुर्ग, संजू सोनकर (30 वर्ष) निवासी ग्राम खुडमुड़ा दुर्ग, नारायण टंडन (24 वर्ष) निवासी मगरघटा दुर्ग को गिरफ्तार किया गया.

इनके अलावा डिजेन्द्र निर्मलकर (30 वर्ष) निवासी बस्तीपारा कुथरेल दुर्ग, पुनीत राम साहू (46 वर्ष) निवासी अमलेश्वर दुर्ग, विनोद अमरदास (35 वर्ष) निवासी मगरघटा दुर्ग, शुभम चंद्राकर (30 वर्ष) निवासी सत्यम विहार रायपुर, गोपाल सोनकर उर्फ गोपी (52 वर्ष) निवासी पाठागांव, रायपुर, मनीष साहू उर्फ गुड्डू (30 वर्ष) निवासी अमलेश्वर दुर्ग, सोनू साहू उर्फ दुर्गेश ( 29 वर्ष) निवासी अमलेश्वर दुर्ग, सत्यनारायण साहू ( 42 वर्ष) निवासी ग्राम खुडमुड़ा दुर्ग, संजय साहू (32 वर्ष) निवासी सत्यम विहार कॉलोनी रायपुर व महेंद्र साहू (46 वर्ष) निवासी अमलेश्वर दुर्ग को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा गया. आरोपियों के कब्जे से नगद राशि 3,59,470 रुपए एवं 22 नग मोबाइल बरामद किए गए. साथ ही मौके पर खड़े 3 मोटरसाइकिल एवं 3 चार पहिया वाहन जब्त किया गया.

चेक हुआ अनादरित, आरोपी को सजा व प्रतिकर राशि देने का आदेश

दुर्ग। उधारी में रकम लेने के बाद अभियुक्त द्वारा दिया गया चेक अनादरित हो गया. इस मामले में पंचम अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग दीपक कुमार कोशले की न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ फैसला सुनाया है. न्यायालय ने आरोपी सुरेश कुमार पिल्लई को धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत चार माह का सश्रम कारावास तथा 6 लाख रुपए प्रतिकर राशि अदा करने का आदेश दिया है. परिवादी की ओर से अधिवक्ता अवधेश राय ने पैरवी की थी.

आरोपी सुरेश कुमार पिल्लई निवासी इंटरनेशनल तालपुरी कॉलोनी भिलाई की जान पहचान परिवादिनी श्रीमती इत्तु रानी दत्ता पति स्वर्गीय निरुपम दत्ता सड़क नंबर 21 सेक्टर 8 भिलाई से थी. अभियुक्त सुरेश कुमार पिल्लई को पैसे की आवश्यकता होने पर उसने 24 जनवरी 2015 को परिवादिनी के पति निरुपम दत्ता से चार लाख रुपए का चेक एवं 1 लाख रुपए नगद की राशि उधारी स्वरूप ली थी. जब परिवादिनी के पति ने रकम की मांग की तब आरोपी ने 5 लाख रुपए का चेक 26 अक्टूबर 2021 को प्रदान किया था. परिवादिनी द्वारा भारतीय स्टेट बैंक शाखा सेक्टर 10 भिलाई में राशि आहरण करने चेक जमा किया गया तो अभियुक्त द्वारा बैंक में रोक लगा दिया गया था जिससे चेक अनादरित हो गया. परिवादिनी इत्तु रानी दत्ता ने अधिवक्ता के माध्यम से अभियुक्त को नोटिस भिजवाया परंतु अभियुक्त ने रकम प्रदान करने का प्रयास नहीं किया था. परेशान होकर परिवादिनी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में परिवाद पेश किया था.

होली के अवसर पर 4 को शराब विक्रय बंद

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह के आदेशानुसार 4 मार्च होली के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है. कलेक्टर ने जिले में स्थित समस्त देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों, रेस्टॉरेन्ट, बार, होटल-बार, क्लब आदि जैसे एफ. एल. – 1 (घघ), एफ.एल.-1 ( घघ कम्पोजिट), सी.एस.-2 (घघ), सी.एस.-2 (घघ- कम्पोजिट), सी.एस.-2 (ग- अहाता), सी.एस.-2 (ग- कम्पोजिट अहाता ), एल.एल.- 1 ( ख- अहाता ), एफ. एल. 2 क, 3, 3 क, 3 ग, 4, 4 क, 5, 5 (क), 6, 7, 8, 9, 9 (क), सी.एस. 1, सी.एस. 1-ख, सी.एस. 1ग, एफ.एल. 10, भांग/भांगघोटा एवं भण्डारण भाण्डागार भिलाई को 4 मार्च को पूर्णतः बंद रखने के आदेश दिए हैं. उक्त आदेश का कड़ाई से पालन करने कहा गया है.

अब खटालों, डेयरियों से नहीं बहेगा गोबर

दुर्ग। शहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महापौर अलका बाघमार ने आज स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्राकर व अधिकारी / कर्मचारियों के साथ गोबर से नालियों एवं सड़कों फूल एवं पूजन सामग्री संग्रहण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस विशेष व्यवस्था के तहत शहर के समस्त खटालों/ डेयरियों से गोबर और सभी धार्मिक स्थलों और मंदिरों से प्रतिदिन फूलों एवं पूजन सामग्री का पृथक संग्रहण किया जाएगा. अब तक मंदिरों से निकलने वाले फूल और पूजन सामग्री अक्सर नदियों एवं तालाबों में प्रवाहित कर दी जाती थी, जिससे जल स्रोतों में गंदगी फैलती थी और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था .

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर क्षेत्र के खटालों, डेयरियों से निकलने वाले गोबर अब नालियों में नहीं बहेगा. इसके अलावा मंदिरों में पृथक संग्रहण की व्यवस्था से पूजन सामग्री को इधर-उधर फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी और इनका सम्मानजनक ढंग से प्रबंधन किया जाएगा. नगर निगम द्वारा विशेष रूप से एक वाहन तैयार किया गया है, जो नियमित रूप से मंदिरों से फूल एवं पूजन सामग्री एकत्रित करेगा.

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष कौशल साहू, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, शोएब अहमद, शेखर दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे.

भिलाई में पहली बार स्वदेशी मेला 13 से सिविक सेंटर में

भिलाईनगर। स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई, भारतीय विपणन विकास केंद्र द्वारा इस्पात नगरी भिलाई में पहली बार स्वदेशी मेले का आयोजन जयंती स्टेडियम के सामने मैदान में किया जा रहा है. मेले में 22 राज्यों के स्वदेशी उत्पाद, हस्तशिल्प सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, जैविक उत्पाद, पारंपरिक खान- पान एवं स्थानीय उद्यमियों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे. यह आयोजन न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और लघु उद्योगों को एक सशक्त मंच भी प्रदान करेगा.

मेले की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में छग राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा तथा स्वदेशी मेला प्रान्त प्रमुख अमर बंसल, प्रान्त संपर्क प्रमुख सुब्रत चाकी, प्रान्त प्रमुख संघर्ष वाहिनी दिनेश पाटिल, जीआर जगत व छग चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन व चेम्बर के पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन को स्वदेशी मेला का संयोजक नियुक्त किया गया. मेला सहसंयोजक के रूप में भोजराज सिन्हा व सरोजनी पाणिग्रही का नाम घोषित किया गया. स्वागत समिति के अध्यक्ष दिनकर बासोतिया नियुक्त किये गए. यह स्वदेशी मेला 13 से 19 मार्च को जयंती स्टेडियम के पास सिविक सेंटर में आयोजित किया जा रहा है. यह जानकारी मीडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी.

पीएम आवास के लिए लाटरी 6 मार्च को

भिलाईनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) ए.एच.पी. किफायती आवास मोर मकान-मोर आस एवं मोर मकान – मोर चिन्हारी घटक से निर्मित आवासों का आवंटन किया जाना है.

निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार निगम सभागार कक्ष में 6 मार्च को दोपहर 12.30 बजे लाटरी आयोजित किया गया है. सक्षम स्वीकृति प्राप्त कर कुल अंशदान राशि 10 प्रतिशत तथा बेदखली व्यवस्थापन हेतु हितग्राही से 75000 रूपये निगम कोष में जमा कराया जा रहा है. उक्त तिथि को नियमानुसार लाटरी पद्धति का आयोजन कर हितग्राहियों को आवास आवंटन का लाभ दिया जायेगा. लाटरी में वरिष्ठ नागरिकगण, दिव्यांगजन एवं अन्य आवेदकों को सम्मिलित किया गया है. पात्र हितग्राही निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर आवास आवंटन की लाटरी में भाग ले सकते हैं.

अवैध शराब कारोबार में 7 गिरफ्तार, 188 पौवा जब्त

भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब कारोबार में 7 आरोपियों को पकड़कर उनके पास से 188 पौवा शराब बरामद की है. ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 1 मार्च को जिले के समस्त थाना / चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान अवैध रूप से शराब का संग्रहण एवं विक्रय करते पाए गए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनके कब्जे से लगभग 188 पौवा अवैध देशी शराब, कुल अनुमानित कीमत लगभग 17,000 जब्त की गई. आरोपियों के विरुद्ध धारा 34 (2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई.

कांग्रेसियों ने की नगर पंचायत गंडई में तालाबंदी

गंडई पंडरिया। कांग्रेस के पदाधिकारियों और पार्षदों ने सोमवार को नगर पंचायत गंडई के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को खैरागढ़ नगर पालिका का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के विरोध में नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया. इस घटनाक्रम से कुछ समय के लिए कार्यालयीन कार्य प्रभावित रहा. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के पश्चात प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ताला खोल दिया गया.

सीएमओ अविनाश देवांगन को दो निकायों की जिम्मेदारी सौंपे जाने से गंडई नगर पंचायत का नियमित कार्य संचालन बाधित हो रहा है. नागरिकों को सामान्य कार्यो के लिए भी बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं जिससे यहाँ असंतोष की स्थिति बन रही है. नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरों ने कहा कि गंडई को पूर्णकालिक अधिकारी उपलब्ध न कराना क्षेत्र की विकास योजनाओं को प्रभावित कर रहा है. उन्होंने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित निर्णय बताते हुए मांग की गंडई नगर पंचायत में स्थायी रूप से अधिकारी की नियुक्ति की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती तब तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रहेगा.

सोमवार सुबह कार्यालय खुलने से पूर्व ही अध्यक्ष और पार्षदों ने मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर धरना दिया और नारेबाजी की. सूचना मिलते ही अनुविभागीय दंडाधिकारी अविनाश ठाकुर तथा तहसीलदार नेहा धुर्वे मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आंदोलनरत जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया. प्रशासन की ओर से उचित स्तर पर मांगों को प्रेषित करने का आश्वासन दिए जाने के बाद तालाबंदी प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी समाप्त कर दी गई.