Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (03 मार्च 2026) की खबरों में अरावली की पहाड़ियों में बने धार्मिक स्थलों को हटाने के लिए वन विभाग ने जारी किए नोटिस, लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर गोली चलाने वाला आरोपी रोहित सोलंकी गिरफ्तार, क्या है दिल्ली सरकार की ‘लखपति बेटी योजना’?, दिल्ली के 51 प्राइवेट अस्पतालों को अवमानना नोटिस, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए 50 केंद्रों पर शुरू हुआ पंजीकरण प्रमुख रहा।
अरावली की पहाड़ियों में बने धार्मिक स्थलों को हटाने के लिए वन विभाग ने जारी किए नोटिस
अरावली की पहाड़ियों में बने कुछ धार्मिक स्थलों के खिलाफ अब वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम जारी किया है। यदि तय समय के भीतर निर्माण हटाए नहीं गए, तो वन विभाग द्वारा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, विभाग ने मंदिर परिसर में दो नोटिस चस्पा कराए हैं और स्थानीय लोगों को भी अवैध निर्माण हटाने के आदेश दिए हैं।

लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर गोली चलाने वाला आरोपी रोहित सोलंकी गिरफ्तार
कश्मीरी गेट इलाके में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सोलंकी ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) की लीगल टीम पर हमला किया था। इस हमले में लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उनके साथियों को निशाना बनाया गया था। यह वारदात पिछले मंगलवार की है, जब कश्मीरी गेट इलाके में सोलंकी और उसके सहयोगियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान वकील और उनके साथ मौजूद लोग गोलीबारी में बच गए, लेकिन इलाके में हड़कंप मच गया।

क्या है दिल्ली सरकार की ‘लखपति बेटी योजना’?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को होली के अवसर पर महिलाओं और बेटियों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने ‘दिल्ली लखपति बेटी योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य है कि बेटियों को जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक वित्तीय सुरक्षा प्रदान की जाए। योजना के तहत ग्रेजुएशन पूरी करने वाली हर बेटी के खाते में सरकार 61,000 रुपये जमा करेगी। ये राशि मैच्योरिटी पर लगभग 1.25 लाख रुपये बन जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से दिल्ली की बेटियां ‘लखपति’ बनेंगी और उन्हें उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

दिल्ली के 51 प्राइवेट अस्पतालों को अवमानना नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज और आरक्षित बेड उपलब्ध न कराने के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए दिल्ली के 51 निजी अस्पतालों को अवमानना (कंटेम्प्ट) नोटिस जारी किया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि रियायती दरों पर जमीन लेने वाले अस्पतालों के लिए निर्धारित शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। सुनवाई के दौरान सर्वोच्च अदालत ने सरकार और जमीन आवंटित करने वाली एजेंसियों को भी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि यदि अस्पतालों को रियायती दरों पर भूमि दी गई है, तो बदले में गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज और तय संख्या में बेड उपलब्ध कराना उनकी कानूनी जिम्मेदारी है।

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए 50 केंद्रों पर शुरू हुआ पंजीकरण
दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब राजधानी में मुफ्त बस सफर का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (Pink Saheli Smart Card )बनवाना अनिवार्य होगा। रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने Aam Aadmi Party सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई पिंक टिकट योजना को बंद कर दिया है। यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की अगुवाई में लागू की गई थी, जिसके तहत महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पिंक टिकट जारी किया जाता था। नई व्यवस्था के तहत अब केवल वे महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी, जिनके पास वैध ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ होगा। सरकार का कहना है कि इस कदम से व्यवस्था अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ होगी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दो देशों में दहेज उत्पीड़न का अलग-अलग मुकदमा स्वीकार नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने एक अहम फैसले में कहा है कि एक ही कथित अपराध के लिए दो अलग-अलग देशों में समानांतर मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। अदालत ने यह टिप्पणी उस मामले में की, जिसमें एक महिला द्वारा अमेरिका में तलाक लेने के बाद दिल्ली में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया गया था। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली में दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया और कहा कि एक ही घटनाक्रम को आधार बनाकर अलग-अलग न्यायिक मंचों पर आपराधिक कार्यवाही शुरू करना कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग है। (पढ़े पूरी खबर)
सोने के गहनों के लिए दोस्त की ली जान: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की द्वारका डिस्ट्रिक्ट टीम ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। मृतक अनरूप गुप्ता की हत्या उसके ही दोस्त हैप्पी ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले हनी ट्रैप के जरिए अनरूप गुप्ता को बुलाया। इसके बाद उसकी हत्या कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर उन्हें यमुना नदी (Yamuna River) में फेंक दिया गया। Delhi Police की टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाई। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नदी से शव के टुकड़ों को भी बरामद कर लिया है। (पढ़े पूरी खबर)
होली पर सफर से पहले जान लें बदलाव: होली के त्योहार पर यदि आप रिश्तेदारों या दोस्तों से मिलने के लिए बाहर जाने की योजना बना रहे हैं, तो दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन की बदली हुई समय-सारिणी जरूर देख लें। त्योहार के मद्देनजर मेट्रो सेवाएं, डीटीसी बसें, नमो भारत (रीजनल रैपिड ट्रांजिट), रेलवे की विशेष ट्रेनें कई सेवाओं में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)
फिल्म ‘शतक’ को दिल्ली में किया टैक्स फ्री: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल के इतिहास पर आधारित हिंदी फिल्म ‘शतक’ अब दिल्ली में टैक्स फ्री कर दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rakha Gupta) ने सोमवार को इसका ऐलान किया। टैक्स फ्री होने का मतलब है कि अब इस फिल्म के टिकट पर राज्य सरकार द्वारा लगाए जाने वाले मनोरंजन कर (Entertainment Tax) की राशि नहीं लगेगी। इसके परिणामस्वरूप दर्शकों को टिकट के लिए कम पैसे खर्च करने होंगे, जिससे फिल्म को ज्यादा दर्शक मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

