अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में रंगों की होली के बीच खून की होली खेलने से सनसनी मच गई। बुढार में होली का त्योहार उस वक्त खौफ में बदल गया, जब रंगों के बीच अचानक चाकू चल गए। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा। परिजनों ने पुलिस पर पहले से सूचना देने के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। 

चाकूबाजी से मची अफरा-तफरी

आरोप है कि अन्नू दास बैरागी ने रोहित लोधी, विक्की लोधी, अट्टू लोधी और छोटू लोधी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रोहित लोधी के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद रोहित के भाई रवि लोधी ने बुढार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

उनका कहना है कि एक दिन पहले ही आरोपी उसे धमकी दे रहा था, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो यह खूनी वारदात टल सकती थी। इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। लेकिन लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर बदमाशों को पुलिस का खौफ क्यों नहीं रह गया। 

एसडीओपी ने झाड़ा पल्ला

क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाएं और खुलेआम चाकूबाजी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं इस मामले में धनपुरी एसडीओपी विकास पाण्डेय से जब इस घटना के संबंध में चर्चा की गई तो उन्होंने इस घटना से खुद को अंजान बताते हुए पल्ला झाड़ लिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m