Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (05 मार्च 2026) की खबरों में होली पर शराब बिक्री को लेकर सियासत तेज, ‘फांसी घर’ विवाद: 6 मार्च को विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे अरविंद केजरीवाल, सड़क हादसे में मारे गए फौजी के परिवार को मिलेगा 70 लाख का मुआवजा, कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास लद्दाखी शैली में बनेगा एफओबी, 1932 के नक्शे में ‘गायब’ हुई दिल्ली की झील का सुराग मिला प्रमुख रहा।

होली पर शराब बिक्री को लेकर सियासत तेज

होली के अवसर पर राजधानी में शराब की दुकानों को खुले रखने के फैसले ने राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होली के दिन भी शराब की बिक्री जारी रखने के आदेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं ने इसे सरकार का “विवादित और असंवेदनशील निर्णय” बताते हुए कहा कि होली जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक पर्व पर इस तरह का आदेश कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पढ़े पूरी खबर…..

‘फांसी घर’ विवाद: 6 मार्च को विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे अरविंद केजरीवाल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ‘फांसी घर’ मामले में 6 मार्च को विशेषाधिकार समिति के सामने उपस्थित होंगे। सूत्रों के मुताबिक, केजरीवाल ने समिति के समन के जवाब में पत्र लिखकर अपनी उपस्थिति की जानकारी दी है। माना जा रहा है कि यह मामला उनके एक बयान को लेकर उठे विशेषाधिकार हनन के आरोप से जुड़ा है। इस बीच, केजरीवाल ने राजधानी में प्रदूषण, सड़कों की बदहाल स्थिति और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर रेखा गुप्ता सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है और सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से काम नहीं कर रही।

पढ़े पूरी खबर…..

सड़क हादसे में मारे गए फौजी के परिवार को मिलेगा 70 लाख का मुआवजा

राजधानी दिल्ली में मोटर एक्सीडेंट क्लेम्स ट्रिब्यूनल (MACT) ने 2021 में हुए एक सड़क हादसे के मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। ट्रिब्यूनल ने ट्रक चालक और ट्रक मालिक को दोषी मानते हुए मृतक फौजी के परिवार को 69.61 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। मामले में ट्रिब्यूनल ने कहा कि दुर्घटना लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई थी। हादसे में 53 वर्षीय फौजी बाल किशन की मौत हो गई थी। अदालत ने माना कि इस दुर्घटना की जिम्मेदारी ट्रक चालक और वाहन मालिक की है। ट्रिब्यूनल ने बीमा कंपनी को निर्देश दिया है कि वह मृतक के परिवार को 69.61 लाख रुपये की मुआवजा राशि 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ जमा करे। यह राशि परिवार के आर्थिक नुकसान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तय की गई है।

पढ़े पूरी खबर…..

कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास लद्दाखी शैली में बनेगा एफओबी

कश्मीरी गेट (Kashmere Gate ISBT) के पास मठ बाजार क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज (FOB) बनाया जाएगा। गुरुवार को CM Rekha Gupta ने इस परियोजना की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल बनने से इलाके में बढ़ते ट्रैफिक के बीच लोगों को सड़क पार करने में काफी सुविधा होगी और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में रहने वाले सभी लोगों का सम्मान करती है, चाहे वे दिल्ली के हों या देश के किसी भी राज्य से यहां आकर रह रहे हों। सीएम के मुताबिक, दिल्ली एक विविधता भरा शहर है और यहां अलग-अलग राज्यों के लोग रहते और काम करते हैं। सरकार का लक्ष्य सभी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है।

पढ़े पूरी खबर…..

1932 के नक्शे में ‘गायब’ हुई दिल्ली की झील का सुराग मिला

दिल्लीवासियों के लिए यह जानकारी चौंकाने वाली है कि 1932 के नक्शे में दिखने वाली एक झील अब पूरी तरह गायब हो चुकी है। INTACH ने 1932 के नक्शे का अध्ययन कर उत्तर-पश्चिम दिल्ली में भलस्वा झील के उत्तर में लगभग 2 मील लंबा पानी वाला हिस्सा पहचान लिया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह इलाका आज के कादीपुर क्षेत्र के आसपास आता है। हालांकि, आधुनिक सैटेलाइट इमेज से देखा जाए तो इस पानी के हिस्से पर अब अधिकतर निर्माण कार्य हो चुका है और झील के पानी के मूल स्वरूप के हिस्से अब कहीं दिखाई नहीं देते।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गियों में भीषण आग: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार (5 मार्च) सुबह एक बड़ी आग लगने की घटना सामने आई। रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास बनी झुग्गियों में अचानक आग भड़क उठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर कई दमकल गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)

13 साल की बच्ची कस्टडी विवाद को लेकर हंगामा: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में एक 51 वर्षीय व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस के 10 से अधिक जवानों पर उसकी 13 वर्षीय बेटी को जबरन ले जाने का आरोप लगाया है। शख्स का दावा है कि मंगलवार को हुई यह कार्रवाई कानून का स्पष्ट उल्लंघन है और बच्चे की कस्टडी से जुड़े मामले में फैमिली कोर्ट द्वारा जारी निर्देशों का भी खुला उल्लंघन किया गया है।  (पढ़े पूरी खबर)

होली पर दिल्ली में ड्रंक ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई: होली के मौके पर दिल्ली में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 1,200 से ज्यादा लोगों के चालान ड्रंक ड्राइविंग के मामले में काटे गए। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक त्योहार के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और हादसों को रोकने के लिए राजधानी के अलग-अलग इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर के जरिए वाहन चालकों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 3,725 चालान अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन जैसे बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग के मामलों में भी किए गए। (पढ़े पूरी खबर)

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ कब तक बनवाना है जरूरी: दिल्ली में महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन अब इसके लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाना होगा। Rekha Gupta की अगुवाई वाली BJP सरकार ने इस नई व्यवस्था की शुरुआत कर दी है। सरकार ने राजधानी में इस कार्ड को बनवाने के लिए करीब 50 केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों पर जाकर महिलाएं ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ के लिए आवेदन कर सकती हैं। सरकार का कहना है कि कार्ड बनवाने के लिए महिलाओं को पर्याप्त समय दिया जाएगा, ताकि किसी को जल्दबाजी में परेशानी का सामना न करना पड़े। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा की सुविधा को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है। (पढ़े पूरी खबर)

होली के दिन दिल्ली में सड़क हादसों में 2019 के बाद सबसे कम मौतें: Delhi Road Accident: इस वर्ष होली के उत्सव के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान गई है। यह आंकड़ा 2019 के बाद से होली के दिन दर्ज की गई सबसे कम मौतों की संख्या है, जो यातायात पुलिस द्वारा जारी किया गया है। पांच मार्च को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, चार मार्च को पूरे शहर में कुल 22 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें चार घातक दुर्घटनाएं और 18 छोटी दुर्घटनाएं शामिल थीं। इन दुर्घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत हुई, जबकि 18 लोग घायल हुए। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m