IND vs NZ Final: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले भारत और न्यूजीलैंड के कप्तानों ने अपनी-अपनी रणनीति का खुलासा कर दिया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिचेल सैंटनर ने अरबों भारतीय प्रशंसकों का दिल तोड़ने की बात कही. इसे लेकर सूर्या ने मजे ले लिए और कहा कि ‘कुछ नया लेकर आइए, हर कोई वही बात कर रहा है’.

IND vs NZ Final

IND vs NZ Final: टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल का मंच तैयार है. दोनों टीमों ने अपनी-अपनी रणनीति बना ली है. टीम इंडिया लगातार दूसरी बार खिताब जीतने उतरेगी, जबकि न्यूजीलैंड पहली बार इस ट्रॉफी पर कब्जा करना चाहेगा. फाइनल की जंग से ठीक पहले दोनों टीमों के कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और तमाम सवालों के जवाब दिए. दोनों ने टीम की तैयारियों और अपने प्लान पर बात की. 7 मार्च को सबसे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारतीय प्रशंसकों का दिल तोड़ने की ‘चेतावनी’ दी, जब बाद में कप्तान सूर्या पीसी करने आए तो उन्होंने बड़े ही बेबाक अंदाज में पलटवार किया है. पैट कमिंस के पुराने बयान की याद दिलाते हुए सैंटनर के इरादों पर सूर्या ने मजाकिया लहजे में कहा कि अब कुछ “नया” लेकर आना चाहिए.

दरअसल, फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा है कि उन्हें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में घरेलू टीम के समर्थकों का दिल तोड़ना अच्छा लगेगा, जब सूर्या से इस बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि पुरानी बातें दोहराई जा रही हैं, कुछ नई बात बोलनी चाहिए. सूर्या ने ऐसा इसलिए कहा, क्योंकि सैंटनर से पहले 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने कहा था कि वो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद लाखों लोगों को चुप कराना चाहेंगे. हुआ भी वैसा ही था क्योंकि कंगारू टीम ने वनडे विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया को मात देकर खिताब जीता था और करोड़ों फैंस का दिल तोड़ा था.

भारत की उम्मीदें तोड़ने के लिए तैयार हैं कीवी

फाइनल को लेकर न्यूजीलैंड कप्तान ने टीम की तैयारियां पुख्ता होने की बात कही. उन्होंने कहा कि टीम फाइनल मुकाबले को लेकर उत्साहित है और खिलाड़ियों में अच्छा माहौल है. वर्ल्ड कप फाइनल एक मैच का मुकाबला होता है, इसलिए टीम पूरी तैयारी के साथ उतरेगी. पिच को लेकर सैंटनर ने कहा कि उन्होंने अभी पिच नहीं देखी है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि अहमदाबाद में रन ज्यादा बन सकते हैं. अपने बयान में उन्होंने खासकर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ की, जो अब तक 10 विकेट ले चुके हैं.

विश्व कप ट्रॉफी जीतने के सवाल पर सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम पूरे टूर्नामेंट में कई बार मुश्किल हालात से गुजरी है. उन अनुभवों से टीम ने काफी सीखा है. वर्ल्ड कप फाइनल द्विपक्षीय सीरीज से अलग होता है. अगर मौका मिला तो न्यूजीलैंड मेजबान टीम की उम्मीदों को तोड़ते हुए ट्रॉफी जीतने से पीछे नहीं हटेगा.

इस प्लान के साथ फाइनल में उतरेगी टीम इंडिया (IND vs NZ Final)

सैंटनर के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की. फाइनल तक पहुंचने को लेकर उन्होंने बताया कि देश और टीम को लीड करना उनके लिए बड़ी बात है, फाइनल में दबाव जरूर रहेगा, लेकिन उतनी ही एक्साइटमेंट भी है, क्योंकि ऐसा मौका बार-बार नहीं मिलता. अपनी रणनीति के बारे में बात करते हुए सूर्या ने बताया कि टीम का फोकस स्ट्राइक रेट या निजी आंकड़ों पर नहीं, बल्कि जीत पर है. अगर 120 के स्ट्राइक रेट से खेलकर भी वर्ल्ड कप जीता जा सकता है तो वही ठीक है. टीम कंडीशन के हिसाब से खेलेगी और जितना टारगेट बनेगा, उसे डिफेंड करने की कोशिश करेगी.

फाइनल के लिए टीम इंडिया सिंपल प्लान के साथ मैदान में उतरेगी. कप्तान सूर्या का मानना है कि टीम गोल सबसे अहम है. अगर टीम को पहली गेंद पर छक्का चाहिए तो वही करना होगा. अगर स्थिति अलग है तो उसी के हिसाब से खेलना पड़ेगा. इस टीम में निजी आंकड़ों से ज्यादा टीम के लिए खेलना मायने रखता है.

भारतीय फैंस को डरा रहा इतिहास

टी20 विश्व कप का इतिहास उठाकर देखें तो न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी है, क्योंकि भारत और कीवी टीम के बीच अब तक 3 मैच हुए हैं और हर बार न्यूजीलैंड ने बाजी मारी है. सबसे पहले 2007 फिर 2016 और 2021 में ये मुकाबले खेले गए थे. हालांकि कीवी टीम कभी फाइनल नहीं जीत पाई, जबकि टीम इंडिया के नाम 2 ट्रॉफी हैं. इस बार फॉर्म की बात करें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी दिखाई देगा, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत ने न्यूजीलैंड को 4-1 से टी20 सीरीज में हराया था. ऐसे में देखना होगा कि फाइनल में कौन बाजी मारता है.