अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. होली के दूसरे दिन चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में हुए चर्चित विशाल सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल सिंह की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसके ही बड़े भाई ने पैतृक संपत्ति और जमीन के पैसों के विवाद में की थी. पुलिस ने आरोपी बड़े भाई विवेक सिंह को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर भी बरामद कर लिया है.

पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांगहे ने बताया कि होली के दूसरे दिन कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में विशाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद मृतक के बड़े भाई विवेक सिंह से सख्ती से पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार घटना की रात विशाल सिंह घर के हाल में सो रहा था. इसी दौरान बड़े भाई विवेक सिंह ने पिस्टल से उसके सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें : योगी की माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान! रायबरेली में फूटा जन-आक्रोश, मौलाना अब्दुल सलीम का फूंका पुतला

जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों के बीच करीब 80 बीघा पैतृक जमीन और पहले बेची गई जमीन के पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते विवेक सिंह ने अपने छोटे भाई की हत्या की साजिश रच डाली. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की. उसने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर पास के तालाब में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों सामान बरामद कर लिए हैं. पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने बताया कि आरोपी विवेक सिंह के खिलाफ पहले से भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का एक मामला भी शामिल है.

मामले को लेकर एसपी आदित्य लांगहे ने बताया कि कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में हुए विशाल सिंह हत्याकांड का सफल अनावरण किया गया है. जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक के बड़े भाई विवेक सिंह ने पैतृक संपत्ति के विवाद में अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या की थी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर बरामद किया गया है. आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
फिलहाल कंदवा थाना पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.