नितिन नामदेव, रायपुर। कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश एवं एसडीएम रायपुर के मार्गदर्शन में आज तहसील रायपुर अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रशासन द्वारा बिना वैध अनुमति के की जा रही प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कांदूल के खसरा नंबर 141/1 की शासकीय भूमि पर कुछ व्यक्तियों ने अवैध कब्जा कर रखा था। यह भूमि ग्राम कांदूल से मुरा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए आरक्षित थी।

प्रशासन की टीम ने बुलडोज़र की सहायता से भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया और प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त किया। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार रायपुर राकेश कुमार देवांगन, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), हल्का पटवारी उमा प्रधान तथा ग्राम कोटवार समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा, ग्राम कांदूल में लगभग 2-2 एकड़ क्षेत्र में की गई अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई। निर्मित प्लिंथ को तोड़ा गया और बनाए गए अवैध रोड-रास्तों को काटा गया। इस दौरान अतिरिक्त तहसीलदार राकेश कुमार देवांगन, हल्का पटवारी, कोटवार और टीम मौजूद रही।

इसी क्रम में ग्राम भाठागांव स्थित खसरा नंबर 940/1, 940/4 और 944/1 की लगभग 5 एकड़ भूमि में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की। इस दौरान राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार प्रवीण परमार, हल्का पटवारी, कोटवार और नगर निगम की टीम उपस्थित रही।

इसके अलावा ग्राम डोमा में एक एकड़ तथा ग्राम दतरेंगा में 3 एकड़ से अधिक भूमि में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की। इस दौरान तहसीलदार राममूर्ति दीवान, हल्का पटवारी और ग्राम कोटवार मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने और अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H