लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी 2.0 के अंतर्गत 90,000 लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त की अनुदान राशि आंतरित की. अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति का होता है एक सपना, उसके पास अपना घर हो. एक साथ 90,000 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त वितरण के अवसर पर हृदय से बधाई. उन्होंने कहा कि घर का सपना हर व्यक्ति के जीवन की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता होता है और इसे साकार करने का कार्य देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने हाथों में लिया है.

योगीने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 62 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराकर इस योजना से लाभान्वित किया जा चुका है. आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से उभरकर देश के विकास का एक ग्रोथ इंजन बन चुका है. समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिले, जब कोई सरकार इस भाव के साथ कार्य करती है, तब उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं. हमारे लिए 25 करोड़ की आबादी वाला यह राज्य ही हमारा परिवार है. हमने कभी चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ नहीं दिया. दलित, वंचित, पिछड़ा, कमजोर, गरीब या महिला…सभी को ध्यान में रखकर योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने का कार्य किया गया है.

इसे भी पढ़ें : ये सब मिलकर वोट… चुनाव आयोग, भाजपा और प्रशासन पर अखिलेश यादव ने लगाए गंभीर आरोप, 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

योगी ने आगे कहा कि अभी जनवरी महीने में भी हम लोगों ने 2 लाख 9 हजार लाभार्थियों को आवास की सुविधा प्रदान की थी. उन मकानों का निर्माण प्रारंभ हो चुका है. अभी दो महीने भी नहीं हुए हैं कि 90 हजार और लाभार्थियों को यह सुविधा प्रदान की जा रही है. हर गरीब के लिए आवास पहली प्राथमिकता है, लेकिन माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षकों और पत्रकारों के लिए भी आवास बनने चाहिए. जनपद स्तर पर हम पहली बार इसे लागू करेंगे, जिससे एक अलग संदेश जाएगा.