Iran Intelligence Minister Esmaeil Khatib Murder: अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध (US-Israel and Iran war) में ईरान को एक और बड़ा झटका लगा है। ईरान के इंटेलिजेंस मिनिस्टर इस्माइल खातिब मारे गए हैं। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज (Israel Katz) ने दावा किया है कि रात में हुए हमले में ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब मारे गए हैं।हालांकि अब तक इस दावे की ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले इजराइल ने सोमवार रात को ईरान के सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी (Ali Larijani) और बसीज कमांडर गुलामरेजा सुल्तानी को निशाना बनाया था, जिसमें दोनों अधिकारियों की मौत हो गई।

अमेरिका ने 2022 में इस्माइल पर साइबर हमलों और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाते हुए कई प्रतिबंध लगाए थे। उनका आरोप था कि वे ईरान की खुफिया गतिविधियों में अहम भूमिका निभाते हैं और कई विवादित ऑपरेशनों से जुड़े रहे हैं।

साथ ही लेबनान की राजधानी बेरूत में इजराइल के हवाई हमले में हिजबुल्लाह से जुड़े टीवी चैनल अल-मनार के एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई। अल-मनार टीवी के मुताबिक चैनल के पॉलिटिकल प्रोग्राम्स के डायरेक्टर मोहम्मद शारी और उनकी पत्नी इस हमले में मारे गए। यह हमला बेरूत के जुकाक अल-ब्लात इलाके में किया गया। चैनल ने बताया कि हमले में मोहम्मद शारी के बच्चे और पोते-पोतियां भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इजराइली हमले में ईरान में 7 लोगों की मौत

ईरान के लोरिस्तान प्रांत में इजराइल के हमले में सात लोगों की मौत हो गई और 56 लोग घायल हो गए। यह जानकारी प्रांत के सुरक्षा उप-गवर्नर के हवाले से तस्नीम समाचार एजेंसी ने दी है। रिपोर्ट के अनुसार हमले में रिहायशी, नागरिक और घनी आबादी वाले इलाकों को निशाना बनाया गया। इससे पहले तस्नीम ने बताया था कि इसी प्रांत के चेगेनी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हुए हमले में चार लोगों की मौत हुई थी।

भारत ने ईरान को मेडिकल मदद की पहली खेप भेजी

इधर इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग के बीच भारत ने ईरान को मेडिकल सहायता की पहली खेप भेजी है। यह खेप ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी को सौंपी गई, जिसमें जरूरी दवाइयां और मेडिकल सप्लाई शामिल हैं। भारत में ईरान के दूतावास ने इस सहायता के लिए भारतीय लोगों का आभार जताया। दूतावास ने कहा कि यह मदद सफलतापूर्वक पहुंचा दी गई है और इसे “भारत के लोगों की ओर से मिला सहयोग” बताया। दूतावास ने मेडिकल सप्लाई सौंपने का वीडियो भी शेयर किया।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m