मिडिल ईस्ट में जारी भीषण युद्ध और आसमान छूती तेल की कीमतों के बीच अमेरिका ने एक ऐसा कदम उठाने का इशारा दिया है, जो पूरी दुनिया के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ऐलान किया है कि अमेरिका जल्द ही ईरानी तेल टैंकरों से प्रतिबंध हटा सकता है, इसमें ट्विस्ट ये है कि सैंक्शन उन्हीं टैकर्स से हटेगा जो जंग के बीच फिलहाल समंदर में फंसे हुए हैं. ये फैसला ईरान के प्रति नरमी नहीं, बल्कि दुनिया भर में बेकाबू होती तेल की कीमतों को काबू में करने के लिए एक मजबूरी के तौर पर देखा जा रहा है. इधर राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐलान किया है कि वह ईरान में सेना की तैनाती पर कोई विचार नहीं कर रहे हैं.

क्या है अमेरिका का प्लान?

गुरुवार को फॉक्स बिजनेस नेटवर्क पर बात करते हुए स्कॉट बेसेंट ने ईरानी तेल पर लगे सैंक्शन हटाने के संकेत गिए. उन्होंने बताया कि करीब 140 मिलियन बैरल ईरानी कच्चा तेल फिलहाल अलग-अलग जहाजों पर ‘फंसा’ हुआ है. प्रतिबंधों की वजह से इसे कोई खरीद नहीं पा रहा है.

होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी के कारण रोजाना 10-14 मिलियन बैरल तेल की कमी हो गई है. इस कमी को पूरा करने के लिए अमेरिका इन फंसे हुए जहाजों को ‘अनसैंक्शन’ करने पर विचार कर रहा है. अमेरिका का मकसद इस तेल को ग्लोबल मार्केट में उतारकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नीचे लाना है, जो $100 प्रति बैरल के पार जा चुकी हैं.

सेना नहीं भेजेंगे पर..

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर बड़ी धमकी दी है. व्हाइट हाउस में जापान की प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान जब उनसे सवाल किया गया- क्या अमेरिका ईरान में अपनी सेना भेजेगा? इस पर उन्होंने कहा कि नहीं, मैं कहीं भी सेना नहीं भेज रहा हूं. अगर ऐसा करना होता तो मैं आपको बताता भी नहीं. हम कीमतों को कम रखने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह करेंगे. हालांकि, उन्होंने बड़ी धमकी भी दी. ट्रंप ने कहा, हम दो मिनट में ईरान को खत्म कर सकते हैं. ईरान दुनिया के लिए गंभीर खतरा है. जापान की पीएम ईरान के मुद्दे पर मुझसे सहमत हैं. हम जब चाहे खार्ग आइलैंड पर कब्जा कर सकते हैं.

भारत के लिए क्या है इसके मायने?

भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है. अगर अमेरिका ईरानी तेल से प्रतिबंध हटाता है तो भारत को रूस के बाद अब ईरान से भी भारी डिस्काउंट पर तेल मिलने का रास्ता खुल सकता है. अगर सप्लाई बढ़ती है, तो भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर पैनिक कंट्रोल हो सकता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m