West Bengal Assembly Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार देर रात बीजेपी ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की। 112 उम्मीदवारों की सूची में कई चौंकाने वाले नाम हैं। इसी बीच कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर केस (RG Kar Medical College rape and murder case) की पीड़िता की मां बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। 19 मार्च को उन्होंने कहा कि वह बीजेपी उम्मीदवार के रूप में बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं। पीड़िता की मां ने कहा कि कल उन्होंने बीजेपी का प्रस्ताव स्वीकार करने और चुनाव लड़ने का फैसला किया क्योंकि वह ममता बनर्जी का शासन खत्म करना चाहती हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के पीछे उनका मकसद तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार को हटाने के लिए राजनीतिक मार्ग अपनाना है। पीड़ित डॉक्टर की मां ने कहा कि उन्हें उत्तर 24 परगना के पनिहाटी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है। बीजेपी की ओर से जल्द ही कैंडिडेट लिस्ट जारी की जाएगी, जिसमें उनका नाम शामिल होने की संभावना है।

पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हें पहले बीजेपी से प्रस्ताव मिला था, लेकिन उस समय वह मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं। उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत पहले बीजेपी से (चुनाव लड़ने का) प्रस्ताव मिला था, लेकिन तब मैं मानसिक रूप से तैयार नहीं थी। कल मैंने इसे स्वीकार करने और चुनाव लड़ने का फैसला किया क्योंकि मैं गृह मंत्री के शासन को समाप्त करना चाहती हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए यह बात कही, जिनके पास गृह विभाग का प्रभार भी है।

मेरी बेटी की न्याय प्रक्रिया में बाधा डाल रहीं हैं ममता बनर्जी

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने उनकी बेटी के मामले में जांच और न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि मैं अपनी बेटी के लिए न्याय सुनिश्चित करने और इस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए राजनीति में प्रवेश कर रही हूं। बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने हाल ही में पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता से मुलाकात की थी।

क्या है आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर केस

दरअसल अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई थी। डॉक्टर की उम्र उस वक्त 31 साल थी। इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था। घटना के विरोध में राज्यभर में डॉक्टरों और नागरिक समाज समूहों ने लंबे समय तक प्रदर्शन किया था।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m