बिलासपुर। ऑनलाइन गेमिंग सट्टा पर एसीसीयू साइबर और सिविल लाइन पुलिस ने बड़ा प्रहार किया. बिलासपुर से भाग कर रायपुर में छिपकर रह रहे दो खाईवाल को दबिश देकर गिरफ्तार किया. इनके पास से करीब सात लाख रूपए नकद और कार, लैपटॉप, मोपेड समेत करीब 45 लाख रूपए का सामान जब्त किया. इसमें एक खाईवाल राजेश उर्फ राजा बजाज की गिरफ्तारी पुलिस ने 5 हजार रूपए इनाम की घोषणा की थी. इस मामले में अब तक तीन खाईवालों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगो के विरूद्ध बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान प्रहार में लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में ऑनलाइन बैटिंग प्लेटफॉर्म के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई. बिलासपुर एवं आस-पास ऑनलाइन गेम के ब्रांच खोलकर रूपये पैसे का हार-जीत का दाव लगाकर सट्टा खिलाने की सूचना मुखबिर से प्राप्त होने पर पूर्व में 21 दिसंबर 2025 को आरोपी मनोज पोपटानी पिता नंदलाल पोपटानी उम्र 30 वर्ष निवासी हेमनगर तोरवा को पकड़ा गया था. इसने पूछताछ में बताया था कि यह अपने साथी राजा उर्फ राजेश बजाज, प्रदीप खत्री निवासी मंगला के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा क्रिकेट मैच का बिलासपुर, रायपुर एवं विभिन्न महानगरों में बैठकर संचालित कर मोटी रकम प्राप्त करते हैं.

आरोपी के बताये अनुसार उक्त दोनों आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी . ये लोग पुलिस को चकमा देकर स्थान और मोबाइल बदलकर लुका-छिपी कर रहे थे. इनके रायपुर में होने की सूचना पर एसीसीयू. ( सायबर सेल ) बिलासपुर टेक्निकल टीम के सहयोग से दबिश देकर मिलने पर पूछताछ की गई. थाना सिविल लाइन बिलासपुर लाकर प्रदीप खत्री निवासी मंगला एवं राजेश उर्फ राजा बजाज ने पूछताछ में बताया कि बिलासपुर ब्रांच का संचालन वह स्वयं कर रहा था. विगत कुछ दिनो से बिलासपुर, रायपुर में रहकर ठिकाना में बदल बदल कर ऑनलाइन प्लेटफार्म पर गेम संचालित कर रहा था.
पेड़ कटाई कर खेत बनाते जेसीबी डोजर व तीन ट्रैक्टर किए गए जब्त
लोरमी। वन परिक्षेत्र खुड़िया के ग्राम बघ के जंगल में अवैध पेड़ कटाई कर खेत बनाते एक जेसीबी एक डोजर और तीन ट्रैक्टर को जब्त किया गया है, सभी वाहनों को वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन अधिकारियों को मुखबिर के माध्यम से जानकारी मिली कि वन परिक्षेत्र खुड़िया के घानाघाट परिसर के ग्राम बघ के कुघरझोरी नाला के पास संरक्षित वनभूमि में पेड़ों की अवैध कटाई कर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर के माध्यम से खेत बनाने का कार्य किया जा रहा है, वन मंडलाधिकारी अभिनव कुमार के निर्देश उपवनमंडलाधिकारी दशहंश सूर्यवंशी, रेंजर रविंद्र धिरही के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र खुड़िया के अधिकारी कर्मचारियों तथा उड़नदस्ता दल मौके पर पहुंचे और पूछताछ की, जिसके बाद वन अधिकारियों ने जेसीबी मशीन ऑपरेटर का बयान दर्ज किया.
बयान में ऑपरेटर ने वन अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद अवैध काम में लगे एक जेसीबी क्रमांक सीजी 11 ए यू 2047, एक डोजर और तीन ट्रैक्टर क्रमांक क्रमश सीजी 28 एल 9802, सीजी 11 एयू 2047, सीजी 12 बीडी 2080, सीजी 28 जे 6820 को जब्त कर घानाघाट परिसर रक्षक के द्वारा वन अपराध क्रमांक 15098/19 मार्च को जेसीबी मशीन ऑपरेटर राकेश यादव पिता संतोष उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम नवागांव जेसीबी मालिक चंद्रप्रकाश साहू पिता रामचंद्र साहू निवासी ग्राम डिंडोरी ट्रैक्टर मालिक मोहन जायसवाल पिता रामाधार निवासी ग्राम कंचनपुर मनमोहन बंजारे पिता सुंदर लाल निवासी ग्राम लौदा मुंगेली के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 क ग के तहत कार्रवाई की गई है.
उक्त कार्रवाई में उपवन मंडल अधिकारी दशहंश प्रकाश सूर्यवंशी, खुड़िया परिक्षेत्र अधिकारी रविन्द्र धीरही, डिप्टी रेंजर राजेश पाटले, जयेंद्र राजपूत वनरक्षक घानाघाट, राजकुमार नायक वनरक्षक कंसरी, निलेश सोनकर वनरक्षक सरगढ़ी, हरिश्चंद राजपूत वनरक्षक भूतकछार, रामनारायण कोल वनरक्षक बिजराकछार के साथ साथ पुलिस विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे.
वाटर प्लांट पर छापा, हजारों बॉटल – पाउच जब्त
बिलासपुर। नवरात्रि और गर्मी के मौसम को देखते हुए बिलासपर में खाद्य सरक्षा विभाग ने सघन जांच चलाया. अभियान आरआर देवांगन के मार्गदर्शन में टीम ने सीपत के गंगोत्री मिनरल वाटर प्लांट का निरीक्षण कर पानी के नमूने लिए और मिथ्याछाप मिलने पर बड़ी मात्रा में बॉटलें व पाउच जब्त किया गया. दो अन्य फर्मों को सुधार नोटिस जारी हुआ . सेवई, साबूदाना व दाल के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए.
रतनपुर के मां महामाया मंदिर में प्रसाद की गुणवत्ता जांची गई और बाहर ठेलों पर रंग से बने खाद्य पदार्थ नष्ट कर विक्रेताओं को निर्देश दिया. आरआर देवांगन के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की. सीपत स्थित गंगोत्री मिनरल वाटर प्लांट में निरीक्षण के दौरान पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता पर संदेह होने पर विधिक नमूने संग्रहित किए गए. जांच में मिथ्याछाप पाए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में पानी की बॉटलें और पाउच जब्त कर लिए.
इस कार्रवाई से अन्य व्यवसायियों में हड़कंप मच गया. टीम ने केवल पानी तक ही सीमित न रहते हुए रोजमर्रा में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों जैसे सेवई, साबूदाना, अरहर और चना दाल के नमूने भी जांच के लिए भेजे, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके. वहीं रतनपुर के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में प्रसाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने विशेष निरीक्षण किया गया. मंदिर परिसर के बाहर लगे ठेलों और गुमटियों की जांच में हानिकारक रंग का उपयोग सामने आने पर संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया. आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात कहीं गई.
खूंटाघाट जलाशय के पास ही बनेगा ग्लास हाउस और कॉटेज
बिलासपुर। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने खूंटाघाट जलाशय के विकास को लेकर विधानसभा में सवाल उठाया. इस पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने विस्तृत जवाब देते हुए परियोजना की मौजूदा स्थिति स्पष्ट की. मंत्री ने बताया कि खूंटाघाट क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 20 करोड़ रुपए की योजना तैयार की गई है, जिस पर विभाग काम कर रहा है. वहां ग्लास हाउस और कॉटेज बनाने की योजना है.
विधानसभा में लिखित जवाब देते हुए पर्यटन मंत्री ने बताया कि खूंटाघाट क्षेत्र के विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा सर्वे और डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कर ली गई है. वर्ष 2019 से इस परियोजना पर काम शुरू किया गया था, जिसमें क्षेत्र को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में परियोजना के अंतर्गत लगभग 295.45 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई. इसके तहत प्रारंभिक निर्माण कार्यों के लिए राशि भी जारी की गई और कार्य एजेंसी की नियुक्ति कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई.
निर्माण स्थल बदला : मंत्री ने बताया कि पूर्व प्रस्तावित स्थल पर निर्माण कार्य तकनीकी कारणों से संभव नहीं हो पाया. छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत प्राधिकरण सहित अन्य विभागों की आपत्तियों के चलते परियोजना स्थल में बदलाव करना पड़ा. इसके कारण काम में देरी हुई. अब विभाग द्वारा खूंटाघाट के पास नई उपयुक्त भूमि चिह्नित की गई है, जहां कॉटेज, हॉस्टल और अन्य पर्यटन सुविधाएं विकसित करने की योजना है. नए प्रस्ताव के अनुसार लगभग 1 हेक्टेयर भूमि पर निर्माण कार्य किया जाएगा. मंत्री ने कहा कि स्थल परिवर्तन योजना तैयार कर ली गई है और आवश्यक बाद नई प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं. प्रस्ताव कलेक्टर, बिलासपुर के माध्यम से शासन को भेजा गया है. मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा.
स्टेशन में छापामार कार्रवाई पकड़े गए पांच अवैध वेंडर
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग के विरुद्ध जोनल हेडक्वार्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए अपने इंस्पेक्टरों के माध्यम से छापामार कार्रवाई की. इस कार्रवाई के दौरान स्टेशन परिसर में संचालित अवैध वेंडिंग गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निरीक्षण किया गया. जिसमें पांच अवैध वेंडरों को मौके पर पकड़ा गया और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई.
अवैध वेंडरों को कथित रूप से प्रोत्साहन दिया जा रहा था, जिसके चलते स्टेशन पर अवैध गतिविधियाँ लगातार बढ़ रही थीं. इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जोनल हेडक्वार्टर को सीधे हस्तक्षेप करना पड़ा और कार्रवाई सुनिश्चित की गई. इस कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप की स्थिति रही और अवैध वेंडरों में भय का माहौल देखा गया. भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे स्टेशन परिसर में व्यवस्था और पारदर्शिता बनी रहे. इस कार्रवाई में निरीक्षक रेसुब आरके राठौर, मातहत स्टाफ तथा वाणिज्य निरीक्षक बिलासपुर मनोज साहा शामिल रहे.
अवैध खनिज परिवहन 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर जब्त
बिलासपुर। खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इस दौरान शहर के अलग-अलग इलाके में 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 8 वाहनों को जब्त कर थाना सरकंडा एवं कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है. उक्त वाहन रेत, मुरूम और मिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे थे. खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में खनिज अमले ने जिले के निरतु, सेंदरी, तुरकाडीह, लोखंडी, कोनी, बिरकोना और सरकंडा क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया. इस जांच के दौरान सरकंडा क्षेत्र से खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 2 हाइवा तथा रेत का अवैध परिवहन करते . हाइवा वाहन को जब्त किया गया. वहीं निरतु क्षेत्र से 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली, तुरकाडीह से 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोखंडी क्षेत्र से 1 हाइवा और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी अवैध परिवहन करते पकड़ा गया. इसके अलावा अशोक नगर क्षेत्र से मुरुम का अवैध परिवहन करते 1 हाइवा वाहन जब्त किया गया.
कोरोना काल में किया काम, नई भर्ती में बोनस अंक के हकदार
बिलासपुर। कोरोना काल में निजी संस्था के माध्यम स्वास्थ्य विभाग में कार्य करनेवाले भी नई भर्ती में बोनस अंक पाने के हकदार होंगे. इस आशय का निर्देश हाईकोर्ट देते हुए ने फार्मासिस्ट पद के लिए याचिकाकर्ता को विधिवत् 60 दिन में नियुक्ति देने का आदेश शासन को दिया है.
याचिकाकर्ता सुनील कुमार मरकाम ने जय अम्बे इमरजेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड मोबाइल यूनिट के माध्यम से सामुदायिक स्वारस्य केन्द्र भैरमगढ़ जिला बीजापुर में कोविड – 19 महामारी के दौरान काम किया था. सीएमएचओ कोण्डागांव ने फार्मासिस्ट के पद के लिये एक विज्ञापन जारी किया था . इसके लिए याचिकाकर्ता ने भी आवेदन किया था. प्रारंभिक सूची के अनुसार आवेदक को 10 अंक बोनस दिया गया पर अंतिम सूची में सर्कुलर 7 दिसंबर 2021 के अनुसार सरकारी, अर्द्धसरकारी, निगम, विभाग, और दैनिक वेतनभोगी जो सरकारी संस्थान में कार्यरत थे उन्हें भी बोनस अंक देने का संविदा प्रावधान है ऐसा कहकर याचिकाकर्ता को बोनस अंक नहीं दिया गया.

